अवैध कोयला कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी , 200 टन कोयला के साथ कोयला लदा एक ट्रक जब्त


धनबाद (DHANBAD) : निरसा थाना क्षेत्र के बीरसिंहपुर स्थित भट्टा महामाया फ्यूएल्स में सोमवार 11 अप्रैल की देर रात धनबाद एसडीओ प्रेम कुमार तिवारी के नेतृत्व में छापेमारी की गई. यहां से लगभग 200 टन अवैध कोयला जब्त किया गया. कोयला लदा एक ट्रक को भी पकड़ा गया है. हालांकि इस धंधे से जुड़े लोग भागने में सफल रहे. मौके पर एसडीओ के साथ निरसा अंचलाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता भी मौजूद थे.
जब्त कोयला और ट्रक निरसा पुलिस को सुपुर्द
जानकारी के अनुसार गुपचुप तरीके से भट्टा मालिक द्वारा अवैध रूप से कोयले का कारोबार किया जा रहा था. कोयला इकट्ठा कर ट्रक से अन्यत्र भी भेजा जा रहा था. इसी सूचना पर छापेमारी हुई. बता दें कि जब्त कोयला और ट्रक निरसा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है. निरसा पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.
रिपोर्ट : विनोद सिंह, निरसा/धनबाद
4+