पंचायत चुनाव : रांची जिला में 3631 मतदान केंद्रों पर चार चरणों में होगी वोटिंग

    पंचायत चुनाव :  रांची जिला में  3631 मतदान केंद्रों पर चार चरणों में होगी वोटिंग

    रांची(RANCHI) : त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन 2022 को लेकर11 अप्रैल 2022 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त रांची छवि रंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया. समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में आयेाजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, रांची वीरेन्द्र चौबे, मीडिया कोषांग के वरीय प्रभारी डॉक्टर प्रभात शंकर, नोडल पदाधिकारी उपन बाड़ा, पदाधिकारी मो. रियाज आलम एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे.

    आचार संहिता का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई : उपायुक्त

    प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त रांची छवि रंजन ने जिला में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी को लेकर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा के साथ ही शनिवार से आचार संहिता लागू हो गयी है. आचार संहिता का उल्लंघन करनेवालों के खिलाफ कार्रवाई होगी. जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त रांची छवि रंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि रांची जिला में कुल 305 पंचायतों में चुनाव होंगे. कुल 36 जिला परिषद के सदस्यों का चुनाव होगा. पंचायत समिति के 365 पद, मुखिया के 305, वार्ड सदस्यों के 3631 पदों पर चुनाव होना है. रांची जिला में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 3631 होगी.

    चार चरणों में होंगे चुनाव

    प्रथम चरण में तमाड़, बुंडू, सोनाहातू और राहे में चुनाव होना है. पंचायत की संख्या- 57 और जिला परिषद सदस्यों की संख्या- 7 है. पंचायत समिति सदस्यों की संख्या- 65, मुखिया की संख्या - 57, वार्ड की संख्या- 648 व मतदान केंद्रों की संख्या- 648 है. दूसरे चरण में कांके, नगड़ी, इटकी, बेड़ो और लापुंग में चुनाव होना है. पंचायत की संख्या- 82, जिला परिषद सदस्यों की संख्या- 9, पंचायत समिति सदस्यों की संख्या- 102, मुखिया की संख्या - 82, वार्ड की संख्या- 1013 है. इस चरण में कुल 1013 मतदान केंद्रों पर चुनाव होना है. तीसरे चरण में सिल्ली, अनगड़ा, नामकुम, ओरमांझी में 82 पंचायत और 9 जिला परिषद सदस्यों का चुनाव होना है. इस चरण में मुखिया के 82 पदों पर चुनाव होना होना है. वार्ड की संख्या- 932 और मतदान केंद्रों की संख्या- 932 है. चौथे चरण में खलारी, बुढ़मू, रातू, मांडर, चान्हो में चुनाव होना है. पंचायत की संख्या- 84, जिला परिषद सदस्यों की संख्या- 11, पंचायत समिति सदस्यों की संख्या- 104, मुखिया की संख्या - 84, वार्ड की संख्या- 1038 है. इस चरण में 1038 मतदान केंद्रों पर चुनाव होगा.

    रांची जिला अंतर्गत पंचायत स्तरीय मतदाता सूची तैयार कर ली गयी है. कुल मतदाताओं की संख्या 1384890 हैं जिनमें 701021 पुरुष और 683852 महिला मतदाता हैं. तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या 17 है.

    बनाये जायेंगे दो स्ट्रॉग रुम

    पंचायत चुनाव की तैयारी को लेकर उपायुक्त छवि रंजन ने कहा कि इस बार पंडरा बाजार समिति और बालिका उच्च विद्यालय बुंडू में स्ट्रांग रूम बनाया जाएगा. इन्हीं दोनों स्थानों पर मतगणना होगी. उन्होंने बताया कि चुनाव संपन्न कराने के लिए 2288 पुलिस पदाधिकारी 5390 हवलदार 21560 आरक्षी पुलिस तैनात किये जायेंगे. पंचायत चुनाव को लेकर जिला में 14 कोषांगों का गठन भी हो चुका है.

     

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news