धनबाद (DHANBAD) : रेलवे स्टेशनों पर 'वन स्टेशन-वन प्रोडक्ट' स्कीम की शनिवार को धनबाद में भी शुरुआत हो गई. धनबाद मंडल रेल प्रबंधक आशीष बंसल ने स्टॉल का शुभारंभ किया. स्टॉल पर ग्रामीण क्षेत्र में निर्मित सामग्रियां रखी गई हैं. फिलहाल एक महीने तक यह स्टॉल चलेगा. स्टॉल में सामान के कई प्रकार रखे गए हैं. बता दें कि देश के बड़े रेलवे स्टेशनों पर इस तरह के स्टॉल खोले जा रहे हैं. इसी क्रम में आज धनबाद में भी खुला.
कला और शिल्प से बने उत्पादों को प्रमोट करना मकसद
कला और शिल्प से बने उत्पादों को प्रमोट करने की केंद्र सरकार की यह योजना है. जिस स्टेशन पर लोग बाहर से उतरेंगे, वहां के खास उत्पाद के बारे में जान सकेंगे. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 22 को बजट में उसकी घोषणा की थी. अब देखना होगा कि रेलवे और सरकार की यह योजना कारगर होती है या फिर चुकड़ में चाय योजना की तरह ही बेमौत मर जाती है. धनबाद स्टेशन के स्टॉल को आज आकर्षक तरीके से सजाया गया था. जिला कार्यक्रम प्रबंधक रीता सिंह का मानना है कि इस तरह के प्रयास से ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार बढ़ेंगे. वहीं श्रुति सिंह का कहना है कि यह बेहतर प्रयास है. डीआरएम आशीष बंसल ने कहा कि रेलवे के निर्देश पर स्टॉल लगाया गया है, आगे जो भी आदेश होगा, किया जाएगा.
रिपोर्ट : शाम्भवी सिंह के साथ प्रकाश महतो, धनबाद


