खुद को नामी पोर्टल का पत्रकार बता कर होटल में की रंगदारी, संचालकों को धमकाया

    खुद को नामी पोर्टल का पत्रकार बता कर होटल में की रंगदारी, संचालकों को धमकाया

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : विचित्र दौर है. कोई भी हाथ में माइक लेकर सड़क पर उतर कर स्वयंभू पत्रकार बन जा रहा और सरकार/प्रशासन को भी नहीं सूझ रहा कि वे क्या करें. अक्सर शिकायतें आती हैं कि फलां ने माइक दिखाकर डराकर पैसे मांगे. अब शिकायतें पुलिस तक भी पहुंचने लगी हैं. ताज़ा मामला जमशेदपुर के कालीमाटी रोड का है. जहां के होटल ग्रैंड के संचालक एवं वरीय अधिवक्ता संजय सिंह ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय आरक्षी अधीक्षक को एक आवेदन देकर तथाकथित पत्रकार वेशधारी रंगदारों के दोहन से राहत दिलाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की है.

    दिल्ली न्यूज पोर्टल के पत्रकार होने का दंभ भरते हुए होटल में प्रवेश

    एसएसपी को गुरुवार को दिए गए आवेदन में संजय सिंह ने कहा है कि कल शाम लगभग 5.30 बजे बिनोद सिंह और इंद्रजीत सिंह व अन्य ने नई दिल्ली स्थित एक प्रसिद्ध न्यूज पोर्टल के पत्रकार होने का दंभ भरते हुए होटल में अनाधिकृत रुप से प्रवेश किया. गेस्ट रजिस्टर व अन्य कागजातों को उठाकर देखते परखते हुए अतिथियों की गोपनीयता भंग की. इतना ही नहीं वे होटल के कमरों में भी घुस गए.  मानो वे किसी कोर्ट का कोई सम्मन या सरकारी प्रतिष्ठान का आदेश लेकर वहां जांच करने आये हों. होटल कर्मचारियों ने जब उनका विरोध किया तो उन्होंने गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी. साथ ही  होटल के बारे में कुप्रचार करने का भय दिखाकर रंगदारी के रुप में पैसे देने की बात उठाई. संजय सिंह ने लिखा है कि उन्हें ज्ञात हुआ है कि इन लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर इस तरह रंगदारी वसूलने का काम कई अन्य लोगों के साथ किया गया है जिसकी गहन जांच कराने पर सच्चाई सामने आएगी. बता दें  कि दो गुटों में बंटे प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के जिस गुट के ये सदस्य हैं उनके द्वारा भी ऐसे लोगों की शिकायत पर इन्हें क्लब से बाहर कर दिया गया है.

    रिपोर्ट : अन्नी अमृता, ब्यूरो हेड, जमशेदपुर


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news