देवघर(DEOGHAR): विक्रम संवत् के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को नववर्ष का शुभारंभ होता है. देवघर में इस अवसर पर पवित्र शिवगंगा सरोवर के तट पर बड़ी संख्या में लोगों ने उगते भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर नव वर्ष का स्वागत किया. सूर्य नमस्कार महायज्ञ आयोजन समिति द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर लोगों ने नववर्ष का स्वागत किया और एक-दूसरे को नववर्ष की बधाई दी.
आयोजकों के अनुसार सदियों से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को नववर्ष मनाने की परंपरा चली आ रही है. विक्रम संवत् 2079 का भव्य अभिनंदन कर विश्व शांति, शौर्य और विकास का संदेश देने की कोशिश की गई है और बाबा बैद्यनाथ से भारतवर्ष को पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित करने की याचना की गई है. बाबा बैद्यनाथ मंदिर में भी लोगों ने नववर्ष के अवसर पर पवित्र ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक कर नववर्ष मंगलमय होने की कामना की.
रिपोर्ट: रितुराज सिन्हा, देवघर
Thenewspost - Jharkhand
4+

