BREAKING : दुमका में मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन, महिला समेत 6 गिरफ्तार, भारी मात्रा में अर्द्ध निर्मित पिस्टल और निर्माण सामग्री बरामद


दुमका(DUMKA): बिहार का मुंगेर देशी हथियार बनाने के लिए हमेशा से कुख्यात रहा है, लेकिन अब यहां के कारीगर संथाल शिफ्ट कर रहे हैं और यहां पर घातक हथियार बनाने में जुटे हैं. बंगाल पुलिस की सूचना पर दुमका जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सरवा गांव में मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया है. एक निर्माणाधीन मकान के अंदर कंट्री मेड पिस्टल का निर्माण किया जा रहा था. एक सौ से अधिक संख्या में अर्द्ध निर्मित पिस्टल के साथ पुलिस ने कई लेथ मशीन, पिस्टल निर्माण सामग्री को जब्त किया गया है. इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित छह लोगों को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए सभी लोग बिहार के मुंगेर जिला के रहने वाले हैं.
कोलकाता के 15 सदस्य स्पेशल टास्क फोर्स की टीम ने किया उद्भेदन
बता दें कि गिरोह की महिला महिला सदस्य ने कुछ महीने पूर्व मकान खरीदा था. दिखावे के लिए मकान के जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा था. लेकिन मकान के अंदर लेथ मशीन लगाकर पिस्टल का निर्माण किया जा रहा था. कुछ दिन पूर्व पश्चिम बंगाल की पुलिस ने एक पिस्टल के साथ कोलकाता में एक व्यक्ति को पकड़ा था. पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ. कोलकाता के 15 सदस्य स्पेशल टास्क फोर्स की टीम दुमका पहुंची और मुफस्सिल थाना पुलिस के सहयोग से पूरे कांड का उद्भेदन किया. लेकिन सवाल उठता है कि जिस तरह कुछ महीने पूर्व दुमका जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के पत्तावाड़ी चौक पर जो मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन हुआ था वह भी दूसरे राज्य की पुलिस की सूचना थी. आज भी यह सूचना दूसरे राज्य की पुलिस की है. आखिर दुमका पुलिस का सूचना तंत्र इतना निष्क्रिय क्यों हो गया है कि उसके नाक के नीचे अन्य राज्यों से आए लोग यहां रह कर दिन रात अवैध कार्य में संलिप्त हैं और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगती.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
4+