बीसीसीएल ने 21-22 में उत्पादन और डिस्पैच का लक्ष्य किया हासिल, अधिकारियों, कर्मियो और मजदूर संगठनों को दिया श्रेय

    बीसीसीएल ने 21-22 में उत्पादन और डिस्पैच का लक्ष्य किया हासिल, अधिकारियों, कर्मियो और मजदूर संगठनों को दिया श्रेय

    धनबाद(DHANBAD) - बीसीसीएल के सीएमडी सिमरन दत्ता  ने आज कहा कि वित्तीय वर्ष 21-22 के लिए कोयला उत्पादन के लिए जो लक्ष्य निर्धारित किया गया था, उससे कंपनी आगे बढ़ गई है.  लक्ष्य 30 मिलियन टन  कोयले के उत्पादन का था जबकि 31 मार्च को वित्तीय वर्ष समाप्ति के दिन कंपनी ने 30.5 मिलियन टन उत्पादन का आंकड़ा छू लिया है.  इसी प्रकार 32 मिलियन टन  डिस्पैच का लक्ष्य था ,जिसे पार करते हुए 32.3 मिलियन टन डिस्पैच करने में कंपनी को सफलता मिली है.  सीएमडी आज कोयला भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे.  

    सबके सहयोग से मिली है सफलता 

    सीएमडी ने कहा कि सबसे अधिक उत्पादन करने में कंपनी को अधिकारियों ,मजदूरों ,यूनियन नेताओं का सहयोग मिला, तभी यह संभव हो पाया.  उन्होंने साफ किया कि बीसीसीएल लक्ष्य हासिल नहीं करती तो कंपनी को बचाना मुश्किल था.  उन्होंने कहा कि बीसीसीएल के लिए एक बड़ी उपलब्धि है.  सीएमडी ने कहा कि धनबाद के सेंट्रल हॉस्पिटल में जल्द ही नई मशीन एवं नई तकनीक की सुविधा बहाल कर दी जाएगी, वह खुद  सेंट्रल हॉस्पिटल का दौरा करेंगे.  सीएमडी ने कहा कि सामुदायिक विकास के तहत जगजीवन नगर में बच्चियों के लिए निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था कंपनी की ओर से की जाएगी. 

    सकारात्मक बातें हो तो सुधरेगी इमेज 
     
    कार्मिक निदेशक  ने कहा कि बीसीसीएल के संबंध में सकारात्मक बातें  होनी चाहिए जिससे  धनबाद की छवि देश और विदेश में अलग ढंग की बने, इससे फायदा यह होगा कि कोयलांचल में बड़ी-बड़ी निजी कंपनियां आएंगी और लोगों को रोजगार के साधन बढ़ेंगे.  बता दें कि कोरोना  काल में आई परेशानियों को देखते हुए लक्ष्य हासिल करना पहाड़ पर चढ़ने के समान था बावजूद कंपनी ने यह लक्ष्य हासिल कर कंपनी हित में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है.

    रिपोर्ट :ओम प्रकाश ,धनबाद  



    Related News