उत्कृष्ट कार्य के लिए देवघर नगर निगम राज्य में पहले स्थान पर, स्वच्छता सर्वेक्षण में भी टॉप की तैयारी में

    उत्कृष्ट कार्य के लिए देवघर नगर निगम राज्य में पहले स्थान पर, स्वच्छता सर्वेक्षण में भी टॉप की तैयारी में

    देवघर(DEOGHAR): वित्तीय वर्ष 2021-2022 में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए देवघर नगर निगम को पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है. झारखंड सरकार के नगर विकास और आवास विभाग द्वारा देवघर नगर निगम को यह पुरस्कार प्रदान किया गया. देवघर नगर निगम को यह पुरस्कार विशेषकर स्वच्छता के लिए जागरूकता, नारी सशक्तिकरण, कौशल परीक्षण, स्वरोजगार के लिए लोन दिलाने में सहायता, स्वयं सहायता समूह के गठन, स्ट्रीट वेंडरों को प्रशिक्षण इत्यादि देने के लिए दिया गया.

    पुरस्कार मिलने से देवघर नगर निगम आयुक्त है बहुत हर्षित

    पुरस्कार मिलने से हर्षित होकर नगर निगम के आयुक्त ने सभी कर्मियों का तहे दिल से आभार व्यक्त किया. नगर निगम के आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल ने बताया कि देवघर नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2021-2022 में 157 स्वयं सहायता समूह का गठन कर 15764 परिवारों को इस समूह से जोड़ा. इसके अलावा स्वरोजगार कार्यक्रम के तहत 71 व्यक्तियों को स्वरोजगार के लिए बैंकों से 4654537 रुपए की 7% ब्याज दर पर लोन दिलाने में सहायता की. वहीं नगर निगम क्षेत्र में 3724 फुटपाथ विक्रेताओं का सर्वेक्षण किया. जिसमें 2139 को स्मार्ट आईडी तथा वेंडिंग प्रमाण पत्र दिया गया, बाकियों को भी यह जल्द मुहैया कराई जाएगी. दूसरी ओर 1193 स्ट्रीट फूड वेंडरों को एफएसएसएआई के सहयोग द्वारा खाद्य सुरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया गया. प्रधानमंत्री निधि योजना के तहत 1049 स्ट्रीट वेंडरों को प्रथम किस्त में ₹10000 की राशि प्रदान की गई. नगर आयुक्त ने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष 643 कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्लंबिंग, नर्सिग एवं सिलाई की प्रशिक्षण शुरू की जाएगी. वहीं 2735 श्रमिकों को मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत निबंधन कर 47981 मानव दिवस का सृजन किया गया. नगर आयुक्त ने बताया है कि स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम को अब पहला स्थान दिलाना है. इसके लिए उन्होंने सभी से स्वच्छता अपनाने का आग्रह किया है.

    रिपोर्ट: रितुराज सिन्हा, देवघर



    Related News