अपराधी देबू दास हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, हथियार के साथ दो गिरफ्तार

    जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के 24 मार्च को टीचर ट्रेनिंग मोड के पास अपराधी देवब्रत गोस्वामी उर्फ देबु दास हत्याकांड का सरायकेला पुलिस ने खुलासा  कर दिया है.घटना को अंजाम देने वाले  दो अपराध कर्मी देवाशीष दास और महावीर सरदार को हत्या में प्रयुक्त देसी कट्टा के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

    24 मार्च को  देबू दास की गोली मारकर हत्या 

    अपराधी देबू दास हत्याकांड का खुलासा करते हुए सरायकेला एसपी आनंद प्रकाश ने बताया कि 24 मार्च को आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टीचर्स ट्रेनिंग मोड़ के पास अपराध कर्मी देबू दास की गोली मारकर हत्या की गई थी. जिसके बाद मृतक की पत्नी डॉली गोस्वामी के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तकनीकी रूप से अनुसंधान शुरू  किया. पुलिस ने अनुसंधान के सिलसिले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.इससे पुलिस को इस बात का पता चला कि हत्याकांड को अंजाम आर आई टी थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरूडीह के निवासी देवाशीष दास और महावीर सरदार ने दिया है. अनुसंधान में यह भी बात सामने आई कि कई पेशेवर अपराधियों द्वारा मिलकर देबू दास की हत्या की योजना बनाई गई थी और इस काम के लिए इन दोनों अपराधियों को चुना गया. पुलिस ने अनुसंधान करते हुए इनके पास से हत्या में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, एक मोबाइल फोन और हत्या कांड को अंजाम देकर फरार होने में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद किया है.

    अवैध बालू - स्क्रैप कारोबार में वर्चस्व को लेकर हुई हत्या

    सरायकेला एसपी ने बताया कि हिस्ट्रीशीट अपराधी देबू दास का स्क्रैप-बालू के अवैध धंधे में वर्चस्व बढ़ता जा रहा था जिससे इस व्यवसाय से जुड़े कई लोग नाराज़ चल रहे थे और सबने मिलकर हत्या की योजना बनाई.देवाशीष दास और महावीर सरदार को इसके लिए सुपारी दी गई.दोनों को हथियार और पैसे उपलब्ध कराए गए.

    सुपारी देने वाले अपराधी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर

    अपराध कर्मी देबू दास हत्याकांड की गुत्थी भले ही पुलिस ने सुलझा ली है. लेकिन इस हत्याकांड में सुपारी देने वाले अन्य कुख्यात अपराधियों की धर पकड़ नहीं हो पाई है. लेकिन पुलिस का दावा है कि अन्य आरोपी भी जल्द सलाखों के पीछे जाएंगे. इस मामले के अनुसंधान के लिए आदित्यपुर थाना प्रभारी आलोक दूबे के नेतृत्व में एक टीम गठित हुई थी जिसमें अन्य पुलिस पदाधिकारी भी शामिल थे.

    रिपोर्ट: अन्नी अमृता, ब्यूरो हेड, जमशेदपुर


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news