सेवा समाप्ति के विरोध में पोषण सखियों ने एनएच किया जाम, कृषि मंत्री के खिलाफ जतायी नाराजगी

    सेवा समाप्ति के विरोध में पोषण सखियों ने एनएच किया जाम, कृषि मंत्री के खिलाफ जतायी नाराजगी

    दुमका (DUMKA) -  झारखंड सरकार द्वारा पोषण सखियों को पद से मुक्त किए जाने के बाद नाराज पोषण सखी द्वारा आंदोलन किया जा रहा है. ऐसे में पोषण सखियों के द्वारा   जरमुंडी प्रखंड में रैली निकालते हुए सरकार के विरूद्ध  जमकर नारे लगाए.  इसके साथ ही उन्होंने एनएच 114 को भी कुछ घंटों के लिए जाम कर दिया. मौके पर स्थानीय विधायक सह कृषि मंत्री बादल पत्रलेख और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन भी किया गया. 

    मंत्री पर आरोप

    मीडिया से बात करते हुए पोषण सखी रानी जसवाल ने बताया कि पोषण सखियों का आंदोलन समाप्त करवाने के लिए सरकार दूसरे दिन नोटिस निकालती है कि उनका बकाया मानदेय भुगतान के बाद सेवा समाप्त कर दी जाएगी.
    वहीं स्थानीय विधायक सह कृषि मंत्री बादल पत्रलेख पर आरोप लगाते हुए पोषण सखी ने कहा कि हम लोगों के लिए कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने सदन में एक भी बार सवाल नहीं उठाया. 

    महिलाओं को सुरक्षा देने में असफल रही सरकार

    भाजपा महिला मोर्चा जिला महामंत्री मनोरमा देवी स्थानीय महागठबंधन सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को सुरक्षा तो देने में असफल है ही, वहीं सरकार ने पोषण सखियों को भी काम से मुक्त कर यह साबित कर दिया कि स्थानीय सरकार महिलाओं को लेकर गंभीर नहीं है. 

    रिपोर्ट: सुतिब्रो गोस्वामी, जरमुंडी/दुमका



    Related News