गुमला की प्रतिष्ठा पर बट्टा है यह बाजार, यहां से गुजरना भी मुहाल

    गुमला की प्रतिष्ठा पर बट्टा है यह बाजार, यहां से गुजरना भी मुहाल

    गुमला (GUMLA) :  प्राकृतिक सुंदरता के लिए पहचान रखने वाला शहर गुमला के बीचो बीच गंदगी का आलम ऐसा है कि लोगों का वहां से गुजरना मुहाल है. बाजार परिसर में पूरी तरह से कचरा का अंबार लगा हुआ है. वहीं प्रशासनिक पदाधिकारी जल्द इसे सही करवाने का एक बार फिर आश्वासन देते हुए नजर आ रहे हैं.

    लोगों को उठानी पड़ रही है काफी परेशानी

    गुमला जिला मुख्यालय में सिसई रोड में एक स्थल है, जहां सप्ताह में दो बार बाजार लगता है. लेकिन, यह स्थल आज पूरी तरह से कचरा का अम्बार बना हुआ है. इसके कारण यहां आकर सब्जी बेचने वालों के साथ ही सब्जी खरीदने के लिए आने वालों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. मगर, बावजूद इसके इसे लेकर प्रशासनिक पदाधिकारी ठोस कदम उठाते हुए नजर नहीं आ रहे हैं. लोगों का कहना है कि केवल सरकार द्वारा यहां से टैक्स लिया जाता है, लेकिन इसकी रख-रखाव को लेकर कोई कार्रवाई नहीं होती. इससे आम लोगों को काफी दिक्क्त होती है. लोगों का आरोप है कि शहर के बीच में मौजूद इस स्थल के आसपास से जिला के पदाधिकारी लगातार निकलते हैं. लेकिन, उन साहबों को भी इसकी चिंता नहीं है.

    अधिकारी हैं मजबूर

    ऐसा नही है कि इस समस्या की जानकारी प्रशासनिक पदाधिकारियों को नहीं है. मगर, वे भी अपनी मजबूरी बता रहे हैं. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी रवि आनंद जो जिला के एसडीओ भी हैं, उनकी मानें तो यह जमीन बाजार समिति का है. ऐसे में उनके द्वारा इस मामले को लेकर कई बार पत्र लिखा गया. लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके कारण वे चाह कर भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने कहा कि समय-समय पर उनकी ओर से उसकी सफाई करवाई जाती है. इस मामले पर जब जिला के डीसी सुशांत गौरव से बात किया गया तो उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए पहले खुद जाकर इस स्थल का निरीक्षण किया. उसके बाद उन्होंने इसकी साफ-सफाई की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही इसे और अधिक बेहतर कैसे बनाया जा सकता है. उस दिशा में कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया है.

    रिपोर्ट: सुशील कुमार सिंह, गुमला


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news