आयोग की रिपोर्ट : थानेदार रूपा तिर्की ने डिप्रेशन में की आत्महत्या


रांची (RANCHI) : साहिबगंज की महिला थानेदार रूपा तिर्की ने मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या की. इस मामले में रिटायर्ड जस्टिस वीके गुप्ता की एक सदस्यीय जांच आयोग को हत्या से जुड़ा कोई सबूत नहीं मिला है. आयोग की यह रिपोर्ट गुरुवार को संसदीय कार्यमंत्री आलमगीर आलम ने सदन के पटल पर रखी.
परिवार था प्रेमसंबंध के विरूद्ध
गौरतलब है कि आयोग ने जनवरी 2022 में ही अपनी जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी थी. रिपोर्ट में गवाहों के बयान व सबूतों के आधार पर कहा गया कि रुपा का दरोगा शिव कुमार कन्नौजिया के साथ प्रेमसंबंध था और वे विवाह करना चाहते थे. लेकिन दोनों के परिवार वाले इस शादी के विरुद्ध थे.
मौत से पहले मैसेज
तीन मई 2021 को जिस दिन रूपा का शव फंदे पर लटका मिला था, सुबह 3.19 व 3.59 पर दोनों के बीच मैसेज का आदान प्रदान हुआ था. रिपोर्ट में कहा गया कि इस मैसेज से रूपा की निराशा का पता चलता है. रूपा तिर्की मौत मामले में साहिबगंज पुलिस ने शिव को गिरफ्तार किया था. हाईकोर्ट के आदेश पर मामले की जांच सीबीबआई कर रही है.
4+