बीसीसीएल पुटकी जीएम ऑफिस के शौचालय में मिला युवती का शव, 24 घंटे  बाद उतारा गया शव

    बीसीसीएल पुटकी जीएम ऑफिस के शौचालय में मिला युवती का शव,  24 घंटे  बाद उतारा गया शव

    धनबाद(DHANBAD) - बीसीसीएल के पुटकी बलिहारी एरिया के जीएम ऑफिस के महिला शौचालय में सोमवार से से संदेहास्पद  लटके युवती की लाश को लगभग 24 घंटे बाद  फंदे से उतारा गया.  पुलिस ने  कल भी लाश को  उतारने की कोशिश की लेकिन परिजन एवं अन्य लोग विरोध करते हुए धरने पर बैठ गए और पुलिस नहीं उतर सकी.  आज लगातार प्रयास के बाद पुलिस को सफलता मिली और शव  फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.  

    मृतका के भाई ने की थी शव की पहचान 

     बता दें कि कल जीएम ऑफिस के महिला शौचालय में शव  लटकने के बाद हड़कंप मच गया था. घटना की सूचना पाकर मृतका के भाई जीएम ऑफिस पहुंचा और शव  की पहचान की.  वह बीसीसीएल कर्मी फकीरचंद की बेटी पार्वती थी.  फकीरचंद को कुछ दिनों पहले ही एरिया ऑफिस ने सस्पेंड कर दिया था.  जानकार बताते हैं कि शव  के पास एक कागज (संभवत सुसाइडल नोट) पड़ा मिला, जिसे पुलिस ने जब्त  कर लिया है.  मृतका  के पिता और भाई ने पूरे घटनाक्रम के लिए कार्मिक प्रबंधक और महाप्रबंधक को दोषी ठहराया है.  लोग बताते हैं कि  पार्वती पिता के सस्पेंशन को वापस कराने के लिए जीएम कार्यालय में  आती -जाती थी. 

    कॉरिडोर में कल देखा गया था पार्वती को 

     कल भी उसे कुछ लोगों ने कॉरिडोर में देखा था.  उसके बाद महिला शौचालय में उसका लटका शव पाया गया.  लोग यह भी  बताते हैं कि प्रेम नगर के पास रहने वाले फकीरचंद पी वी प्रोजेक्ट जाने वाली सड़क की करीब 200 मीटर जमीन को अपना बताते हैं, वहीं क्षेत्रीय प्रबंधन  का मानना है कि जमीन भूदान की थी, जिसे बीसीसीएल को हस्तांतरित कर दिया गया था.  करीब 6 माह पहले मामला भूदान कोर्ट में गया तो फैसला बीसीसीएल के पक्ष में आया, उसके बाद एरिया प्रबंधन ने सड़क निर्माण शुरू कराया लेकिन फकीरचंद उसे रोकवा दिया. उसके बाद प्रबंधन ने  25 अक्टूबर को ऑफिस में तबादला कर दिया और फिर काम में बाधा डालने के आरोप में 22 जनवरी को सस्पेंड कर दिया  था.  मामला चाहे जो भी हो ,इस संदेहास्पद मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही है. 



    Related News