झारखंड में यहां ठेला पर घायल महिला को ले गए अस्पताल, वजह यह थी

    धनबाद (DHANBAD) -  सोमवार को धनबाद-झरिया मुख्य मार्ग पर दुखहरनी मंदिर के पास मानवता एक बार फिर शर्मसार हुई. दुखह रनी मंदिर के पास एक बाइक की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला बुरी तरह से चोटिल हो गई. इसके बाद वह सड़क पर ही तड़पने लगी. बाइक सवार महिला को तड़पता छोड़ भाग निकला. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. लेकिन महिला को अस्पताल ले जाने की जहमत किसी ने नहीं उठाई. 

    एंबुलेंस की सेवा से वंचित परिजन

    वहीं दुर्घटना की सूचना महिला के परिजनों को दी गई. परिजन भागे भागे घटनास्थल पर पहुंचे. वह यह भी नहीं जानते थे कि 108 नंबर पर फोन करने से एंबुलेंस मिलेगी.  उसके बाद घबराए परिजन महिला को एक ठेले पर लादकर अस्पताल को जाने लगे.  महिला को अस्पताल ठेला पर ले जाते बहुत लोगों ने देखा लेकिन न तो किसी ने मदद की और ना ही किसी ने एंबुलेंस के लिए 108  पर फोन किया. महिला को ठेला से ही ले जाकर झरिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.

    रिपोर्ट : सत्यभूषण, धनबाद

     



    Related News