धनबाद : 'महगाई डायन' पर उत्साह भारी ,प्रशासन भी अलर्ट मोड में


धनबाद (DHANBAD) : धनबाद में गुरुवार की रात जगह -जगह होलिका दहन किया गया. होलिका दहन का समय रात 12. 57 बजे के बाद था. इसके बाद धनबाद में होलिका दहन हुआ. इस बार होलिका दहन के एक दिन बाद धनबाद में होली मनाई जा रही है. पंडितों के अनुसार 18 मार्च को दिन में 1:20 तक पूर्णिमा है ,शुक्रवार को ही लोग पूर्णिमा का व्रत करेंगे. दो साल बाद बिना किसी पाबंदी के होली मनाई जा रही है. इसलिए लोगों का उत्साह भी चरम पर है. घरों में पुआ-पकवान की विशेष तैयारी चल रही है.
गुरुवार की शाम को शहर की शराब दुकानों पर लंबी लाइन
गुरुवार की शाम को शहर की शराब दुकानों पर लाइन लगी थी. इधर जिला प्रशासन ने विधि -व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारी की है. कंट्रोल रूम ने काम करना शुरू कर दिया है. 300 से भी अधिक दंडाधिकारी तथा पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है. 22 थाना क्षेत्रों के 200 से अधिक इलाकों को संवेदनशील मांनते हुए चौकसी की व्यवस्था की गई है. पहले तैनाती 17 व 18 मार्च को ही थी. लेकिन अब इसे 19 मार्च तक कर दिया गया है.
कंट्रोल रूम भी अब 19 मार्च तक 24 घंटे काम करेगा
कंट्रोल रूम भी अब 19 मार्च तक 24 घंटे काम करेगा. किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी जा सकती है. इधर सरकारी अस्पतालों में 24 घंटे डॉक्टरों की तैनाती का आदेश जारी किया गया है. सभी डॉक्टरों को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है. अस्पतालों में डॉक्टरों तथा चिकित्सा कर्मियों की रोटेशन वाइज ड्यूटी लगाई गई है. निजी अस्पतालों को भी किसी आपात स्थिति से निबटने को तैयार रहने को कहा गया है. धनबाद में शांति -व्यवस्था बहाल रखने के लिए जगह- जगह गुरुवार को फ्लैग मार्च किया गया. फ्लैग मार्च में लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से होली मनाने की अपील की गई. साथ ही चेतावनी दी गई कि हुड़दंग हुआ तो पुलिस सख्ती से निबटेगी. प्रशासन ने भीड़ वाले इलाके में ड्रोन से निगरानी करने निर्णय लिया है. होली के दिन बिजली की कटौती नहीं करने का निर्देश जिला प्रशासन ने बिजली विभाग को दिया है. अधिकारियों तथा कर्मचारियों की अलग से तैनाती की गई है. सभी इलाकों में कम से कम दो बार पानी आपूर्ति करने को भी कहा गया है.
4+