एक नजर में धनबाद कोयलांचल की दिनभर की खबरें.........

    एक नजर में धनबाद कोयलांचल की दिनभर की खबरें.........

    धनबाद(DHANBAD) - लक्ष्मी कोलियरी क्षेत्र के एक  अवैध कोयला डिपो  पर धनबाद सिटी एसपी ने रविवार की देर रात छापेमारी की थी , जहां  ताला बंद रहने के कारण रात में कार्रवाई पूरी तरह सफल नहीं हुई. सोमवार को पुनः देर शाम झरिया सीओ और जोड़ापोखर पुलिस संयुक्त रूप से छापेमारी की लेकिन  जहां डिपो  का गेट बंद मिला. पुलिस को सूचना है कि अवैध डिपो  में भारी मात्रा में कोलियरी से चुराया गया कोयला रखा हुआ है. सोमवार को देर शाम झरिया सीओ परमेश्वर कुशवाहा और जोड़ापोखर थाना प्रभारी राजदेव सिंह पहुचे ,मगर बाहर से ताला बंद मिला, जिस कारण छापेमारी नहीं की जा सकी. झरिया सीओ ने कहा कि  खोलवाने का काफी प्रयास किया जा रहा है. उच्च अधिकारियों के आदेश के बाद आगे की कार्रवाई  की जाएगी.

    धनबाद(DHANBAD) - सुदामडीह के  मोहलबनी,  नगीना बाजार के समीप मंगलवार को चंदनकियारी - डिगवाडीह मुख्य सड़क पर ट्रक की चपेट में आने से बीसीसीएलकर्मी निजाम मिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वह सुदामडीह  कोलियरी में कार्यरत थे.  निजाम मिया साईकिल पर  सवार होकर सड़क के किनारे चल रहे थे  कि अचानक ट्रक  की चपेट में आ गए.  जिससे घटनास्थल पर ही मौत हो गई.  घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सुदामडीह पुलिस पहुच गई है, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी है.  खबर प्रेषण  तक बीसीसीएल कर्मी का शव सड़क पर ही पड़ा हुआ है.  घटना के विरोध में ग्रामीणों का सड़क जाम चल रहा है.

    धनबाद - कथित  मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रस्तावित 28 और 29 मार्च को दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए ए आई सीसी टी यू (एक्टू) के सदस्यों ने आज धनबाद की सड़कों पर जुलूस निकाला और नारेबाजी की. लोगों का आह्वान किया कि हर हाल में हड़ताल को सफल बनाएं,प्रदर्शन कारियो का नेतृत्व कर रहे एक्टू  के नेता का कहना था कि पांच राज्यों के चुनाव परिणाम आने के ठीक बाद केंद्र सरकार का मजदूर विरोधी चेहरा सामने आ गया है.  इपीएफ ब्याज की दर घटा दी गई है.  साथ ही साथ देश में 50 करोड़ मेहनतकश मजदूरों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है. जब तक हम एक होकर विरोध नहीं करेंगे  , केंद्र सरकार मनमानी करती रहेगी.

    धनबाद(DHANBAD) -  गर्मी को देखते हुए  किया शो रूम के सौजन्य से उपलब्ध कराये गए जैकेट और टोपी को वरीय  पुलिस अधीक्षक ने आज  महिला ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को दिया.  इस मौके पर एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, एएसपी, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर व डीएसपी ट्रैफिक के अलावे ट्रैफिक के जवान मौजूद थे.  एसएसपी संदीप कुमार सिंह ने कहा कि  गर्मी आ चुकी है.  ऐसे में ट्रैफिक पुलिस सड़को पर कड़ी धूप में काम करते है, इसलिए आज ट्रैफिक महिला जवानो को टोपी और जैकेट देकर इनका हौसला अफजाई किया गया.

    धनबाद(DHANBAD) -   टुंडी प्रखंड मुख्यालय स्थित विवेकानंद मध्य विद्यालय में मूलभूत साक्षरता एवं संख्याज्ञान प्रखंड स्तरीय शिक्षकों का चार दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण मंगलवार को  खत्म हो गया. प्रशिक्षक  के रूप में नवीन कुमार सिन्हा ,मृत्युंजय कुमार ,कपिलदेव कुमार ने  मौखिक भाषा का विकास, ध्वनि जगरुकता लिपि ज्ञान ( डिकोडिंग) ,शब्द ज्ञान, समझ के साथ पढ़ना, धाराप्रवाह पठन ,लेखन पढ़ने की संस्कृति ,तथा मूलभूत संख्याज्ञान और गणितीय कौशल में से संख्या तथा संख्याओं पर संक्रियाएं,गणितीय तकनीक, मापन,आकार और गतिविधि आधारित सीखने पर बल दिया.

    धनबाद(DHANBAD) - उप विकास आयुक्त शशि प्रकाश सिंह ने आज डीआरडीए के सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा की.उन्होंने सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी को कार्यक्रम को केवल रूटीन के रूप में निष्पादित नहीं करने बल्कि  पूरी लगन और तन्मयता के साथ उसका क्रियान्वयन करने को कहा.  उन्होंने कहा इसके लिए कार्यक्रम की पूरी समझ रखनी  आवश्यक है.  किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने पर चिह्नित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने विद्यालय में निर्धारित मापदंड के अनुरूप कार्यक्रमों को लागू करने व कार्यक्रम की गुणवत्ता और उसको संचालित करने के लिए बेहतरीन प्लानिंग करने का निर्देश दिया. 

    धनबाद(DHANBAD) - सहायक श्रमायुक्त कार्यालय ने मंगलवार को बैंक मोड़ स्थित एक होटल और उसके तीन कर्मचारियों के बीच समझौता कराकर तीनों कर्मचारियों को मजदूरी का बकाया भुगतान चेक के माध्यम से करा दिया.श्रम अधीक्षक  प्रवीण कुमार ने बताया कि बैंक मोड़ शास्त्री नगर स्थित होटल द केशल स्टेटस रेस्टो बार और उनके तीन कर्मचारियों के बीच मजदूरी भुगतान को लेकर विवाद था.रविन्द्र भारती, मो असलम खान तथा मो नसीम खान ने 18 नवंबर 2021 को श्रम अधीक्षक को शिकायत पत्र दिया था कि होटल द केशल स्टेटस रेस्टो बार द्वारा कार्य करवा कर मजदूरी नहीं दी गई है.  

    धनबाद(DHANBAD) -  पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ,पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री  दिग्विजय सिंह के विरुद्ध अधिवक्ता एसपी सिंह ने धनबाद की अदालत में मंगलवार को अपनी गवाही दर्ज कराइ. गवाह अधिवक्ता ने नेताओं के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, दो संप्रदायों के बीच युद्ध जैसी स्थिति उत्पन्न करवा देने का आरोप लगाया  है. झरिया निवासी  अधिवक्ता एस पी सिंह ने नेताओं के खिलाफ मुकदमा दायर करते हुए आरोपियों के विरुद्ध सम्मन जारी करने का निवेदन अदालत से किया था.  एमपी ,एमएलए के लिए गठित विशेष अदालत के न्यायिक दंडाधिकारी श्वेता कुमारी की अदालत ने वादी अधिवक्ता  से उक्त किताब अदालत में पेश करने का निर्देश दिया है. मामले पर सुनवाई की अगली तारीख 29 मार्च निर्धारित की गई है.



    Related News