एक नजर में धनबाद कोयलांचल की दिनभर की खबरें.....

    एक नजर में धनबाद कोयलांचल की दिनभर की खबरें.....

    धनबाद(DHANBAD) - धनबाद में  होली के दौरान हुड़दंग करने वालो पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी. गोविंदपुर थाना परिसर में शांति समिति की  गुरुवार को बैठक हुई, जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी, डीएसपी अमर कुमार पांडेय और काफी संख्या में लोग शामिल हुए. अध्यक्षता पुलिस इंस्पेक्टर उमेश प्रसाद सिंह ने की.  बैठक में दोनों समुदाय के लोगों ने भाग लिया, बीडीओ संतोष कुमार ने ठाकुरबाड़ी टर्निंग के समीप जीटी रोड के गड्ढे की भराई एनएचएआई से कराने का आश्वासन दिया. डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने होली के पूर्व बाजार क्षेत्र की साफ-सफाई तथा होलिका दहन स्थल जीटी रोड किनारे पुलिस की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया. 

    धनबाद(DHANBAD) -  बियाडा  के पूर्व अध्यक्ष और समाजसेवी विजय  झा ने  केंद्रीय सतर्कता आयोग को पत्र लिखकर बीसीसीएल के क्षेत्र संख्या 4 के अंतर्गत पड़ने  वाले भूभाग में रहने वाले सभी नागरिकों की सुरक्षा की मांग की है. पत्र में उन्होंने कहा है कि रोज जानकारी मिलती है कि कतरास रानी  बाजार, रामकनाली बुट्टू  बाबू का बंगला, केशलपुर  सहित कई जगहों पर कोलियरी  के आसपास बड़ी संख्या में अवैध मुहाना  खोल दिया गया है, जहां से रोज कोयले का अवैध उत्खनन किया जा रहा है. पुलिस की छापेमारी के बाद मुहाने को बंद कर दिया जाता है फिर दो-चार दिनों के अंदर  मुहाना खोलकर कोयला उत्खनन शुरू कर दिया जाता है. 

    धनबाद(DHANBAD) - उपायुक्त  संदीप सिंह की अनुशंसा पर तीरंदाजी उपकरण खरीदने के लिए पाथरडीह की सुश्री ज्योति कुमारी , सुश्री मधु कुमारी तथा जोरापोखर के मोहम्मद आदिल को ढाई-ढाई लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है. तीनों खिलाड़ियों के तीरंदाजी उपकरण क्षतिग्रस्त हो जाने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उपायुक्त को तीनों खिलाड़ियों के लिए तीरंदाजी उपकरण उपलब्ध कराने में आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया था.

    धनबाद(DHANBAD) -  धनबाद जिला पुलिस स्कूल और कॉलेजों में छात्रों के बीच 'पुलिस की पाठशाला 'कार्यक्रम कर रही है.  शहर के स्कूलों के बाद आज  केबीआर उच्च विद्यालय ,महुदा  एवं साधना गुप्ता विद्यालय, मुरलीडीह के  बच्चों के बीच प्राचार्य राजेश श्रीवास्तव, शिक्षक एवं ओपी प्रभारी की उपस्थिति में बाघमारा की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुश्री निशा मुर्मू ने 'पुलिस की पाठशाला' कार्यक्रम किया. पाठशाला में बच्चों को मार्गदर्शन दिया गया और बताया गया कि साइबर क्राइम से कैसे बचा जा सकता है, इसकी रिपोर्ट थाने में कैसे की जा सकती है. यातायात के  क्या नियम है और इसका अनुपालन कैसे हो सकता है.  लड़कियों के साथ छेड़खानी से कैसे बचा जा सकता है और जरूरत पड़ी तो पुलिस की मदद तत्काल कैसे ली जा सकती है.

    धनबाद(DHANBAD) -  निर्माणाधीन हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (हर्ल) के यूरिया प्लांट के स्टोर रूम की   छत पर रखे सामानों में आज आग लग गई. इससे कुछ मिनटों के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया. किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. समय रहते आग पर काबू पा लिया गया. जीएम कामेश्वर झा का कहना है कि काम चल रहा है और छत पर कुछ केमिकल आदि रखे हुए थे ,लगता है कि गर्मी से आग लग गई होगी ,आगे बताया कि पांच मिनट में ही आग पर काबू पा  लिया गया. कोई नुकसान नहीं हुआ है. इधर ,यह भी कहा जा रहा है कि जिस जगह पर सामान रखे गए थे ,वहा  पर इलेक्ट्रिक वेल्डिंग का काम चल रहा था. आग इसी  वजह से भड़की.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news