तोपचांची के हवलदार को थाना गेट पर ट्रक ने कुचला, स्पॉट डेथ 

    तोपचांची के हवलदार को थाना गेट पर ट्रक ने कुचला, स्पॉट डेथ

    धनबाद (DHANBAD) : धनबाद जिले के तोपचांची में  रविवार की सुबह एक हादसे में  हवलदार की मौत हो गई. मरने वाले व्यक्ति का नाम संजय कुमार (45) बताया जा रहा है. वह तोपचांची थाने में चालक के पद पर पदस्थापित थे. बताया जा रहा है कि सुबह वह अपने बेटे को छोड़ने के लिए थाने से निकले, इसके बाद लौटते वक्त थाना गेट के ठीक सामने राजगंज की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे हवलदार की मौके पर ही मौत हो गई. 

    बेटे को छोड़ कर लौट रहे थे

    घटना की सूचना मिलते ही थाने में मौजूद पुलिस के अधिकारी व जवान मौके पर पहुंचे. शव को  पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.  मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है. इस संबंध में हवलदार के पुत्र अरुण ने बताया कि एक दिन पहले वह धनबाद कृषि विभाग की परीक्षा देने आया था. परीक्षा के बाद वह रात में अपने पिता संजय कुमार के पास रुक गया. रविवार को गोमो-चोपन पैंसेजर पकड़कर घर जाना था, संजय अपने पुत्र को छोड़ने के लिए रविवार सुबह थाना से निकले.  पुत्र ने गोमो स्टेशन जाने के लिए गाड़ी पकड़ी, इसके बाद  वह थाना के लिए लौटे.

    जीटी रोड पार करते समय ट्रक की चपेट में आ गए
     
    इसी दाैरान थाना के सामने जीटी रोड पार करते समय ट्रक की चपेट में आ गए, ट्रक धक्का मारकर भाग निकला. माैके पर ही संजय कुमार की माैत हो गई.  ट्रक धक्का मारने के बाद गोविंदपुर की ओर भाग निकला.मृतक संजय कुमार गढ़वा जिला के भंडार गांव के रहने वाले थे और 20 दिन पहले ही तोपचांची थाना में उनकी पोस्टिंग हुई थी. संजय कुमार के परिवार में पत्नी, दो  पुत्र तथा एक पुत्री है.  पिता की माैत की सूचना मिलते ही पुत्र अरुण कुमार वापस तोपचांची थाना लाैट गए, घटना से पुत्र काफी सदमे में है.  उसका रो रो कर बुरा हाल है. 

    रिपोर्ट : अभिषेक कुमार सिंह ,ब्यूरो हेड ,धनबाद 



    Related News