अमन सिंह गैंग को बाइक सप्लाई करने वाले पांच धराए, 11 बाइक बरामद


धनबाद (DHANBAD) : धनबाद जिला पुलिस को बुधवार को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने कतरास बाघमारा से कुछ 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया है और इनके पास से 11 बाइक बरामद की गई है. एसएसपी ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि यह एक बहुत ही कुख्यात बाइक चोर गिरोह है, जो मोटरसाइकिल की चोरी करने के बाद अमन सिंह गिरोह को सप्लाई करता था. इन्हीं मोटरसाइकिलों से अमन सिंह के गुर्गे अपराध करते थे. लोगों को धमकाते थे.
धनबाद ,गिरिडीह और बोकारो के अपराधी शामिल
जिन अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है ,उनमें प्रिंस कुमार (सलानपुर), विनोद राय (गिरिडीह ),परमेश्वर कुमार उर्फ लक्ष्मण कुमार( बोकारो), कामेश्वर कुमार (बोकारो), ऋषभ गुप्ता (धनबाद) शामिल हैं. मोटरसाइकिल के अलावा इनके पास से 4 मोबाइल, नकली बाइक की चाबी आदि बरामद किए गए है. एसएसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी निशा मुर्मू के निर्देश पर कतरास के थाना प्रभारी, राजगंज के थाना प्रभारी आदि ने छापामारी की. इससे पुलिस को यह सफलता हासिल हुई है. बता दें कि धनबाद जिले में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थी और इस गैंग को तोड़ना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी.
रिपोर्ट : अभिषेक कुमार सिंह ,ब्यूरो हेड ,धनबाद
4+