यूक्रेन में फंसे हैं बाघमारा के तीन छात्र, प्रशासन के पास पहुंचे परिजन 

    धनबाद(DHANBAD)- यूक्रेन में धनबाद के छात्र भी फंसे हुए हैं. जानकारी के अनुसार बाघमारा के तीन छात्र घर लौटने की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं. 
    बाघमारा के तीन छात्रों में हरिणा के रहने वाले मनोज कुमार सिंह के पुत्र सौरभ कुमार, मुरलीडीह  निवासी मो बदरुद्दीन अंसारी के पुत्र मो सादाब हसन और कतरास छाताबाद 05 नम्बर निवासी सुरेंद्र कुमार के पुत्र अनिमेष कुमार शामिल हैं. बाघमारा बीडीओ को उनके परिजनों ने आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है. साथ ही साथ उन्हें वापस लाने  के उपाय करने का अनुरोध किया है. अनिमेष कुमार ने अपने पिता सुरेंद्र कुमार से बात की और बताया कि अभी बंकर में छिपकर बात  कर रहे हैं. रोमानिया के रास्ते आने की कोशिश कर रहे हैं. 

    पूरी डिटेल  के साथ प्रशासन मांग रहा जानकारी 

    बता दें कि यूक्रेन के मौजूदा हालात के मद्देनजर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त संदीप सिंह ने सभी अंचल अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को सभी मुखिया व स्थानीय जन प्रतिनिधियों से सम्पर्क करने को कहा है. अगर यूक्रेन  में फंसे धनबाद ज़िले के किसी व्यक्ति के बारे में सूचना प्राप्त होती है तो उसे अविलंब प्रेषित करने का निर्देश दिया है. ऐसे व्यक्ति के बारे में सूचना मिलने पर उनका यूक्रेन व धनबाद जिला का कांटैक्ट नम्बर, दोनों जगह का पता, पासपोर्ट नम्बर, अगर उपलब्ध है तो, कोई एक पहचान पत्र का नम्बर (आधार, पैन आदि) की  कॉपी व एक फोटो की साफ छायाप्रति जिला को उपलब्ध कराने को कहा गया है. ऐसे लोग [email protected] या जिला प्रशासन के आधिकारिक ट्विटर अकॉउंट @dc_dhanbad पर भी सूचना दे सकते हैं. जिला कंट्रोल  रूम के नंबर 0326 -3550460 पर भी संपर्क किया जा सकता है. 

    रिपोर्ट :अभिषेक कुमार सिंह ,ब्यूरो हेड ,धनबाद



    Related News