जमीन विवाद में 6 साल की भतीजी की कर दी हत्या ! इलाके में सनसनी


धनबाद (DHANBAD) : निरसा थाना क्षेत्र के चुरईनाला के 6 वर्षीय बच्ची शारदा कुमारी का शव खुदिया नदी के किनारे पुलिया के समीप पानी में मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. सूचना पाकर पहुंची निरसा पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है. वहीं मृतक बच्ची के पिता सुनीलाल सोरेन ने अपने फुकरे भाई हेमलाल टुडू और भतीजे संजय टूडू पर बच्ची की हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस हेमलाल टूडू को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
यह है मामला
इस संबंध में जानकारी देते हुए मृतका के पिता सुनीलाल सोरेन ने बताया कि मेरी बेटी बुधवार को पढ़ने गांव के स्कूल गई थी. 1: 00 बजे सभी बच्चे आ गए. परंतु मेरी बच्ची नहीं आई. उसके बाद हम लोगों ने इसकी खोज शुरू कर दी, परंतु उसका कोई अता पता नहीं चला. संध्या में गांव के लोगों ने बताया कि गांव से लगभग 2 किलोमीटर दूर खुदिया नदी के किनारे पुलिया के पानी में एक बच्ची का शव पड़ा हुआ है. उसके बाद हम लोगों ने जाकर देखा तो वह हमारी बेटी शारदा थी.
ममेरे भाई भतीजे पर हत्या का आरोप
सुनीलाल सोरेन ने बताया कि मेरे ममेरे भाई हेमलाल टुडू से जमीन को लेकर बीते 10 वर्षों से विवाद चल रहा है. मेरा भाई और उसके पुत्र बराबर हम लोगों को जान से मारने की धमकी देते रहते थे. इसे लेकर गांव में पंचायती भी हुई थी. पंचायती में भी उन लोगों ने हम लोगों को जान से मारने की धमकी दी थी. मेरे ममेरे भाई हेमलाल टूडू और उनका पुत्र संजय टूडू ने ही मेरी बच्ची को बहला-फुसलाकर गांव से 2 किलोमीटर दूर जाकर उसकी हत्या कर दी है. इसके शव को पुलिया के समीप फेंक दिया है. इन लोगों के डर से इकलौते पुत्र को भी उसकी नानी के घर हम लोग रखते हैं. वहीं हेमलाल टूडू का कहना है कि मैं और मेरा बेटा निर्दोष हैं. बुधवार को मैं घर नहीं था. जमीन का विवाद चल रहा है, परंतु मैं इतना नीचे नहीं गिर सकता कि अपने ही भाई की बच्ची की हत्या कर दूं.
एसडीपीओ और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना पाकर एसडीपीओ पीतांबर सिंह खेरवार और निरसा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव घटनास्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रत्यक्षदर्शियों एवं स्कूल के शिक्षक से भी बातचीत कर मामले की जानकारी ली. इस संबंध में एसडीपीओ पीतांबर सिंह खरवार ने कहा कि मामले की हर पहलू की जांच की जा रही है. बहुत जल्द मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा.
रिपोर्ट : विनोद सिंह, निरसा /धनबाद
4+