पेट्रोल-डीजल की कीमत से परेशान वाहन मालिकों का एलान, धंधा बंद कर देंगे, पर माडा फीस नहीं देंगे


धनबाद (DHANBAD) : धनबाद के ट्रक -हाईवा ओनर्स एसोसिएशन ने बुधवार को माडा फीस के विरोध में धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर महाधरना दिया. जिला परिषद मैदान में एकत्रित होने के बाद एसोसिएशन के सदस्य जुलूस की शक्ल में रणधीर वर्मा चौक पहुंचे. इस महाधरना में सैकड़ों की संख्या में ट्रक और हाईवा मालिक मौजूद थे. एसोसिएशन माडा द्वारा फीस के तौर पर 12 सौ रुपए लेने के खिलाफ धरना पर थे. धरना में भाजपा नेता रागिनी सिंह भी शामिल हुई. एसोसिएशन के सदस्यों का कहना है कि लगातार हम लोग इस निर्णय का विरोध कर रहे हैं.
माडा का फीस बन गया है सिरदर्द
माडा का यह फीस उनके लिए सिरदर्द बन गया है. किंतु राज्य सरकार इस पर कुछ नहीं कर रही है. एक तरफ डीजल के मूल्य में वृद्धि से हाइवा- ट्रक चलाने वाले परेशान हैं, ऊपर से माडा की फीस लगाकर सरकार इस व्यवसाय को ही बर्बाद करने पर तुली हुई है. मालिकों ने कहा कि धंधा बंद करना पड़े तो पड़े लेकिन वह लोग फीस के तौर पर माडा को 12 सौ रुपए नहीं देंगे. महाधरना की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण झा ने किया जबकि संचालन महासचिव अभिषेक सिंह ने किया.
रिपोर्ट : अभिषेक कुमार सिंह, ब्यूरो हेड ,धनबाद
4+