टीएनपी डेस्क (TNP DESK) : अगर सुबह की हड़बड़ाहट में नहीं पढ़ पाए हैं न्यूज पेपर, तो एक नजर में पढ़िए खास खबरें. बुधवार, दिनांक 23 फरवरी को रांची के कुछ प्रमुख अखबारों की हेडलाइंस इस प्रकार हैं –
- अब एक ही निजी कंपनी पूरे राज्य में खोलेगी शराब की दुकानें : झारखंड में अप्रैल से शराब की खुदरा बिक्री की व्यवस्था बदलेगी. नई उत्पाद नीति के मुताबिक अब एक ही निजी एजेंसी पूरे राज्य में शराब की दुकानें खोलेंगी. पांचों प्रमंडल में उसका अपना गोदाम होगा. एजेंसी खुद शराब मंगाएगी और बेचेगी. दुकान में एजेंसी के ही लोग काम करेंगे. ( दैनिक भास्कर)
- झारखंड में सलाना पांच लाख तक के आय वाले 30 लाख परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए मिलेगा स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, दस लाख रुपए होगी लिमिट : राज्य के छात्रों को ब्याजमुक्त लोन दिलाने के लिए सरकार ने बड़ी पहल की है. झारखंड के बच्चे अब पैसे के अभाव में उच्च शिक्षा से वंचित नहीं रहेंगे. तीन मार्च को पेश हो रहे झारखंड बजट में इसकी घोषणा की जाएगी. ( दैनिक भास्कर )
- रातू में मुठभेड़, रंगदारी लेने पहुंचे दो अपराधी गिरफ्तार : सीसीएल रोहिणी परियोजना के मैनेजर संजीव कुमार ठाकुर से रंगदारी मांगने वाले अपराधियों की मंगलवार की शाम रातू पार्क के समीप पुलिस से मुठभेड़ हो गई. इस दौरान दोनों ओर से पांच राउंड फायरिंग हुई. दो अपराधी गिरफ्तार किए गए. ( प्रभात खबर)
- जब मांझी ही नाव डुबोये, तो उसे कौन बचाए : स्वास्थ्य मंंत्री और कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता ने सरकार पर हमला बोला है. मधुबन में आयोजित कांग्रेस के चिंतन शिविर के समापन सत्र में बन्ना गुप्ता ने अपने खास अंदाज में सीधे झारखंड के मुख्यमंत्री पर निशाना साधा. कहा कि जिस दिन राष्ट्रभाषा और मां भारती से समझौता की नौबत आएगी, उसदिन पद से इस्तीफा दे दूंगा. ( प्रभात खबर)
- लालू के खिलाफ एक और मामले में होगी मनी लाउंड्रिंग की जांच : सीबीआई के विशेष न्यायधीश एसके शशि ने चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले में सजायाफ्ता और मृत अभियुक्तों के खिलाफ मनी लाउंड्रिंग के आरोपों की जांच करने और संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया है. न्यायालय के इस आदेश से लालू सहित 130 अभियुक्तों के खिलाफ मनी लाउंड्रिंग के आरोपों की जांच होगी. ( प्रभात खबर)
- हाई स्कूल शिक्षक बनने के लिए भी झारखंड से मैट्रिक एवं इंटर उत्तीर्ण होना अनिवार्य : अब हाई स्कूलों में स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक नियुक्त होने के लिए भी सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थियों का झारखंड के स्कूलों एवं कॉलेजों से मैट्रिक एवं इंटर होना आवश्यक होगा. ( दैनिक जागरण )
- बुलबुल पर "बुल" का कब्जा, नक्सलियों की कमर टूटी : लोहरदगा-लातेहार सीमा पर स्थित बुलबुल जंगल में पिछले 12 दिनों से चल रहे झारखंड पुलिस व सीआरपीएफ का ऑपरेशन डबल बुल समाप्त हो गया. जंगल को नक्सलियों से मुक्त करा लिया गया ( दैनिक जागरण )