"मैं विधायक ढुल्लू बोल रहा हूं, तुम्हें फैक्ट्री लगानी है तो मेरे आदमी को दस लाख  रंगदारी दो"

    "मैं विधायक ढुल्लू बोल रहा हूं, तुम्हें फैक्ट्री लगानी है तो मेरे आदमी को दस लाख  रंगदारी दो"

    धनबाद (DHANBAD) : धनबाद का यह दुर्भाग्य है कि कोई उद्योग यहां लगना शुरू होता नहीं कि रंगदारी के लिए लोग कुचक्र रचने लगते हैं. ऐसा ही एक आरोप बाघमारा के विधायक ढुल्लू महतो पर लगा है. विधायक पर दस लाख  रुपए रंगदारी मांगने का मुक़दमा  राजगंज थाना में बुधवार को दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में हथियार चमकाने, चोरी करने, धमकी देने सहित संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप है. बोकारो के चंद्रपुरा के रहने वाले हार्ड कोक  कारोबारी वरुण कुमार सिंह की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है. 

    आर्म्स एक्ट की धारा भी लगाई गई है 
     
    इस केस में आर्म्स एक्ट की भी धारा जुड़ी हुई है. ढुल्लू महतो के अलावा आनंद शर्मा ,रामेश्वर महतो, कमल किशोर पांडे, सुखदेव महतो और केदार यादव तथा अन्य कई अज्ञात आरोपी बनाए गए हैं.  बता दें कि वरुण कुमार सिंह, महेशपुर में हार्ड कोक  फैक्ट्री का निर्माण करा रहे हैं.  उनका कहना है कि कुछ दिनों पूर्व संतु महतो, आनंद शर्मा ,सुखदेव महतो, कमल कुमार पांडे ,रामेश्वर महतो, केदार यादव सहित अन्य फैक्ट्री में आकर धमकी दी थी. इन लोगों ने मोबाइल से विधायक से बात भी करवाई थी.  उधर से कहा गया कि -मैं विधायक ढुल्लू बोल रहा हूं, तुम्हें फैक्ट्री लगानी है तो मेरे आदमी को दस लाख  रंगदारी दो नहीं तो फैक्ट्री का काम बंद करो, जमीन खाली कर दो. बकौल वरुण कुमार सिंह उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने व जान मारने की धमकी दी गई. 

    विधायक के लोगों ने की है फैक्ट्री में तोड़फोड़ 

    वरुण कुमार सिंह के अनुसार मंगलवार की रात फैक्ट्री में तोड़फोड़ की गई है ,तोड़फोड़ करने वाले वहां मौजूद कर्मचारियों को धमका रहे थे कि अपने मालिक को बोल देना या तो दस लाख  पहुंचा दे अन्यथा फैक्ट्री की जमीन खाली कर दे.  इस संबंध में राजगंज के थानेदार का कहना है कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है. बॉउंड्रीवॉल  गिरी मिली है. अनुसंधान चल रहा है.  दूसरी ओर ढुल्लू महतो का कहना है कि अगर केस हो ही गया है तो पुलिस निष्पक्ष जांच करे. उन्हें बदनाम करने के लिए ऐसा किया जा रहा है.  साथ ही यह भी  कहा कि गरीब की जमीन गुंडा और माफिया को कब्जाने  नहीं दिया जाएगा.  दूसरी ओर एक काउंटर केस भी किया गया है, बरोरा  निवासी सचिंद्र कुमार राम ने बुधवार रात को ही राजगंज थाने में लिखित शिकायत की है.
    ढुल्लू समर्थक ने किया काउंटर केस 

    शिकायत में कहा गया है कि फैक्ट्री मालिक वरुण कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह आदि ने मंगलवार की रात उनके साथ मारपीट की है. इस दौरान आरोपियों ने उनकी चेन छीन ली व गाली गलौज करते हुए रंगदारी की मांग की.  शिकायत के अनुसार सचिन कुमार राम उक्त जगह पर गार्ड का काम करता है.  थानेदार ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और कहा है कि आवेदन की जांच की जा रही है. 

    रिपोर्ट : अभिषेक कुमार सिंह ,ब्यूरो हेड ,धनबाद 



    Related News