महाशिवरात्रि पर इस बार भी नहीं निकलेगी शिव बारात


देवघर (DEOGHAR) - देवघर में महाशिवरात्रि के अवसर पर इस बार भी महाबारात का आयोजन नहीं किया जाएगा. इसका निर्णय पंडा धर्म रक्षिणी सभा द्वारा लिया गया है. आगामी 1 मार्च को आयोजित होने वाली महाशिवरात्रि को लेकर जिला प्रशासन, पंडा धर्मरक्षिणी सभा और महाशिवरात्रि के अवसर पर महाबारात का आयोजन करने वाली समिति के साथ महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया है.
केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देश पर ही होगा आयोजन
देवघर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि हालांकि ओमिक्रोन का खतरा थोड़ा कम जरूर हुआ है लेकिन अभी भी यह पूरी तरह टला नहीं है. ऐसे में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देश का अनुपालन करते हुए ही किसी बड़े आयोजन का निर्णय लिया जा सकता है. पिछले वर्ष भी कोरोना के कारण शिव बारात का आयोजन नहीं किया गया था. हालांकि शिव बारात निकालने वाली समिति आगामी 2 से 3 दिन में आपस में बैठक करने के बाद ही निर्णय लेगी कि इस बार भव्य शिव बारात निकलेगी की नहीं. लेकिन उम्मीद न के बराबर है, क्योंकि बारात निकालने के लिए 2 माह पूर्व से ही आयोजन समिति की ओर से तैयारी शुरू कर दी जाती थी. फिलहाल ऐसा कुछ देखने को नहीं मिल रहा है. बैठक में मौजूद पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष सुरेश भारद्वाज ने कहा कि शिवरात्रि के अवसर पर और आगे भी गर्मी के मौसम में मंदिर में खास कर पेयजल की सुविधा मुहैया कराने की सख्त जरूरत है. उन्होंने जिला प्रशासन से मंदिर के लिए पेयजल की स्थाई व्यवस्था करने का आग्रह किया.
रिपोर्ट : रितुराज सिन्हा, देवघर
4+