उपायुक्त ने ईवीएम वेयर हाउस का किया निरीक्षण


रांची (RANCHI) : उपायुक्त छवि रंजन ने बिरसा मुण्डा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी स्थित ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण किया. इस दौरान विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि, उप निर्वाचन पदाधिकारी रामवृक्ष महतो और वेयर हाउस की ड्यूटी पर लगे पदाधिकारी उपस्थित थे.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त छवि रंजन ने वेयर हाउस के गेट पर लगाये गए सील की जांच करते हुए पदाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली. राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के समक्ष ही वेयरहाउस का सील खुलवाया गया. उपायुक्त छवि रंजन ने वेयर हाउस में रखे ईवीएम, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य उपकरणों की स्थिति एवं रख रखाव का जायजा लिया. उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों को ईवीएम के रख रखाव से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया.
आपको बताएं कि समय-समय पर ईवीएम वेयर हाउस की स्थिति का निरीक्षण कर रख-रखाव एवं तकनीकी उपकरणों की स्थिति से संबंधित रिपोर्ट राज्य निर्वाचन विभाग को समर्पित करना होता है. इस संबंध में उपायुक्त ने निरीक्षण के बाद जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रतिवेदन राज्य निर्वाचन विभाग को भेजने का निर्देश दिया.
रिपोर्ट : समीर हुसैन, रांची
4+