वासेपुर के प्रिंस खान ने धमकाया -पैसा दे दो नहीं तो एके-47 से मारेंगे


धनबाद (DHANBAD) : जब हत्या की जिम्मेवारी ले रहे हैं तो धमकी देने का केस करके क्या होगा, यह धमकी भरे शब्द हैं वासेपुर के प्रिंस खान के, जो जमीन कारोबारी नन्हे हत्याकांड के बाद से फरार है. धमकी उसने निचितपुर में चल रहे डेको आउटसोर्सिंग कंपनी के लाइजनर और कोल ट्रांसपोर्टर इजराफिल उर्फ लाला को दी है. प्रिंस खान ने लाला से हर महीने दो लाख की मांग की है. लाला ने हिम्मत दिखाते हुए थाने में शिकायत की है, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
4 साल पहले भी प्रिंस खान ने धमकाया था
लाला अभी हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं. पुलिस को उन्होंने बताया है कि 4 साल पहले भी प्रिंस खान ने रंगदारी के लिए धमकाया था. पिछले साल अमन सिंह के लोगों ने भी रंगदारी मांगी थी. लगातार धमकी मिलने के बाद उन्हें बॉडीगार्ड भी मिला था. जमीन कारोबारी नन्हे हत्याकांड के बाद 24 नवंबर को प्रिंस खान ने एक वीडियो जारी कर न सिर्फ नन्हे की हत्या की जिम्मेवारी ली थी बल्कि वीडियो में गैंगस्टर फहीम खान के बेटों को जान से मारने की धमकी भी दी थी.
पैसे के लिए अब दोबारा फोन नहीं करेगा
प्रिंस खान ने लाला से कहा है कि पैसे के लिए अब वह दोबारा फोन नहीं करेगा. तुम ठान लिए हो कि तुमको मरना ही है तो देखना तुमको एके-47 से मरवाएंगे. सूत्रों के अनुसार लाला को फोन करके यह भी कहा कि देख लेना फहीम के बेटों को तो मारेंगे ही, साथ ही उसका साथ देने वाले हर आदमी को मारेंगे. हम अभी जेल जाने वाले नहीं हैं. जब तक फहीम के पूरे परिवार को नहीं मार देते, तब तक सरेंडर नहीं करेंगे और पुलिस मेरा कुछ भी नहीं बिगाड़ सकती.
रिपोर्ट : सत्य भूषण, धनबाद ब्यूरो
4+