जनता का ध्यान विकास और रोजगार से हटाकर एक दूसरे से लड़ाने -झगड़ने की साजिश, आंंदोलन सरकार प्रायोजित - सांसद पीएन सिंह


धनबाद (DHANBAD) - झारखंड में भाषा विवाद तूल पकड़ता जा रहा है. धनबाद -बोकारो में तो आंदोलनकारी रोज ही विरोध कर रहे हैं. शुक्रवार को आंदोलनकारियों ने धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर सांसद, विधायक का पुतला फूंका. विधायक मथुरा महतो का आरोप है कि भाषा विवाद भाजपा की देन है. झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार धीरे-धीरे इसे खत्म कर रही है. पुतला दहन और विरोध पर धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने झारखंड सरकार पर आज सीधा हमला बोला है. वहीं भाजपा विधायक राज सिन्हा ने कहा कि अगर आंदोलनकारियों को लगता है कि राज सिन्हा का पुतला फूंकने से उन्हें नौकरी मिल जाएगी तो मैं जिंदा जला दिए जाने के लिए तैयार हूं.
लड़ाने -झगड़ने की सरकारी साजिश -पीएन सिंह
धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा है कि यह सरकार प्रायोजित आंदोलन है. झारखंड की जनता का ध्यान विकास, रोजगार आदि मुद्दों से हटाकर एक दूसरे से लड़ने -झगड़ने में लगाने की साजिश है. उन्होंने कहा कि इसी क्रम में पूर्व सांसद डॉक्टर रविंद्र राय के साथ बोकारो में बदसलूकी की गई. भाषा विवाद को लेकर तरह-तरह के बातें सामने आ रही है, उन्होंने हेमंत सरकार पर आरोप लगाया कि अपने वादे को पूरा नहीं कर पाई और बेरोजगारों का ध्यान दूसरी तरफ करने के लिए यह सब काम कर रही है.
बेरोजगारों को नौकरी मिले तो जिन्दा जलने को तैयार -राज सिन्हा
धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा ने कहा कि अगर आंदोलनकारियों को लगता है कि राज सिन्हा का पुतला फूंकने से उन्हें नौकरी मिल जाएगी तो वह उनके साथ चलने को तैयार हैं, उन्हें जिन्दा जला दें. अगर उनके जिंदा जल जाने से झारखंड के बेरोजगारों को नौकरी मिल जाए तो वह अपनी कुर्बानी देने से पीछे नहीं हटेंगे. भला उनके जल जाने से अगर झारखंड के पांच -दस लाख बेरोजगार युवकों को नौकरी मिल जाए तो इसमें हर्ज ही क्या है. उन्होंने कहा कि असली मुद्दों से लोगों को भटकाने के लिए यह सब सरकार की सुनियोजित साजिश है ,इस साजिश को लोगों को समझना होगा.
रिपोर्ट : सत्य भूषण सिंह ,धनबाद
4+