निरसा में मलवे से पांच शव बरामद ,जाँच के लिए ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन
.jpeg&w=3840&q=70)
.jpeg&w=3840&q=70)
धनबाद(DHANBAD) - धनबाद के निरसा में आज चाल धंसने की घटना की जांच के लिए के लिए एक स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया गया है, इसका नेतृत्व पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) धनबाद करेंगे. घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं धनबाद के अनुमंडल पदाधिकारी डटे हुए हैं और राहत व बचाव कार्य का नेतृत्व कर रहे है. धनबाद जिला पुलिस प्रवक्ता अमर पांडेय द्वारा जारी अधिकृत जानकारी के अनुसार मलवे से 04 महिला एवं 01 पुरुष का शव बरामद किया गया है ,जिनकी शिनाख्त की जा रही है. जांच के क्रम में यह बात सामने आई है कि खदान के समीप के गांव के ग्रामीण दैनिक कार्य के लिए कोयला चुनने का काम करते हैं, उसी क्रम में आज महिला व पुरुषों द्वारा कोयला चुने जाने के दौरान अचानक ओवरबर्डन (ओबी)सामग्री स्खलित हो कर गिर पड़ी , जिससे उक्त लोग दब गए. ईसीएल क्षेत्र में पड़ने वाले इस कोयला खदान का माइंस सेफ्टी ऑडिट प्रतिवेदन की मांग डीजीएमएस से की गई है ,जिससे कि घटना की तकनीकी कारणों का पता चल सकें और भविष्य में निरोधात्मक उपाय करने में सुविधा मिले. आप को बता दें कि आज ओपन कास्ट खदान में चाल धंसने से दुर्घटनाएं घटी है, घटना के बाद प्रशासनिक अमला घटनास्थल पर पहुंचा एवं ईसीएल के अधिकारियों के साथ युद्धस्तर पर राहत एवं कार्य शुरू कराया.
रिपोर्ट : अभिषेक कुमार सिंह ,ब्यूरो हेड ,धनबाद
4+