मामूली झगड़े में नशेडी भाई ने बहन की रॉड से मारकर हत्या की, आरोपी भाई गिरफ्तार  

    मामूली झगड़े में नशेडी भाई ने बहन की रॉड से मारकर हत्या की, आरोपी भाई गिरफ्तार

    सरायकेला(SARAIKELA)- सरायकेला थाना अंतर्गत हंसाहुड़ी मोहल्ले में एक नशेड़ी भाई ने अपनी सगी बहन की हत्या डंडे से पीटकर कर दी है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि हंसाहुड़ी मोहल्ला निवासी रजानंद झा बीते मंगलवार को किसी काम से अपने बड़े बेटे के पास चाईबासा गए हुए थे. इसी दौरान नशे का आदी उनका दूसरा बेटा 23 वर्षीय राजीव कुमार घर में अपनी 21 वर्षीय बहन मानसी कुमारी के साथ था.

    मामले की तफ्तीश कर रही पुलिस

    इस दौरान दोनों भाई बहनों में आपस में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ. जिस पर राजीव कुमार ने डंडे से अपनी बहन मानसी कुमारी को मारा. डंडे में लोहे की कील होने के कारण मानसी घायल हो गई, और उसके शरीर से खून निकलने लगा. जिसके बाद खून देखकर नशेड़ी भाई राजीव कुमार मौके से भाग गया. मानसी को घायल अवस्था में देखकर मानसी के चाचा ने इसकी सूचना मानसी के पिताजी को दी. जिसके बाद मानसी को सदर अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सकों ने मानसी को मृत घोषित कर दिया. पूरे मामले में घटना के पीछे का कोई पुख्ता कारण नहीं पता चल सका है.  बहरहाल सरायकेला पुलिस ने मानसी के भाई राजीव कुमार को गिरफ्तार कर मामले की तफ्तीश कर रही है.

    रिपोर्ट: विकास कुमार, सरायकेला



    Related News