राशन डीलर हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो सुपारी किलर समेत तीन गिरफ्तार

    राशन डीलर हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो सुपारी किलर समेत तीन गिरफ्तार

    दुमका (DUMKA) - बीते 19 जनवरी की रात दुमका जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र के धनवे निवासी सरोज मंडल पर अज्ञात अपराधियों ने कातिलाना हमला किया था. गोड्डा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान सरोज की मौत हो गई. जिसके बाद 20 जनवरी को मृतक के बेटे के आवेदन पर हंसडीहा थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई.

    हत्या में प्रयुक्त रॉड बरामद

    हत्याकांड का उद्भेदन के लिए एसपी द्वारा एक टीम का गठन किया गया. खोजी कुत्ते का भी सहारा लिया गया. भौतिक और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले 23 जनवरी को सरैयाहाट थाना क्षेत्र से ऋषि कुमार उर्फ पवन यादव को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार्य करते हुए हत्या का जो कारण बताया वह काफी चौकाने वाला था. उसके पास से हत्या में प्रयुक्त रॉड को बरामद किया गया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बिहार के भागलपुर जिला से सत्तन यादव और रविन्द्र यादव को गिरफ्तार किया. दोनों बिहार पुलिस के लिए सरदर्द बना हुआ था. हत्या, बैंक लूट सहित कई मामले दोनों के ऊपर दर्ज है. दोनों सुपारी किलर हैं. एक लाख रुपये में सरोज की हत्या का सुपारी लिया था.

    मामले में 3 गिरफ्तार

    मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी अम्बर लकड़ा ने बताया कि हंसडीहा थाना के ललन यादव की मां के नाम से रूपा स्वयं सहायता समूह के नाम से पीडीएस दुकान है. हंसडीहा के लोगों ने खाद्य आपूर्ति विभाग से एक आरटीआई मांगा था. जिसमें रूपा स्वयं सहायता समूह द्वारा फर्जी राशन कार्ड बनाकर राशन घोटाला की जानकारी मांगी गई थी. सरोज के पिता के नाम से भी पीडीएस दुकान है और सरोज ने भी अधिकारियों से घोटाला की शिकायत की थी. वहीं 18 जनवरी को अधिकारियों ने रूपा स्वयं सहायता समूह की जांच भी की थी. ललन को लगा कि पर्दे के पीछे से सरोज ही सारा खेल कर रहा है. उसने सरोज को रास्ते से हटाने के लिए सुपारी किलर को उसकी हत्या के लिए सुपारी दे डाली. बता दें कि उस मामले में अभी तक 3 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. जबकि 3 फरार हैं. एसपी ने बताया कि शीघ्र ही सभी अपराधी सलाखों के पीछे होंगे. इस तरह एक ऐसे हत्या कांड का पुलिस से उद्भेदन कर दिया जो पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी.

    रिपोर्ट : पंचम झा, दुमका


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news