खुफिया रिपोर्ट के बाद जिले के सभी थाने हाई अलर्ट पर, वाहनों की तलाशी अभियान शुरू
.jpeg&w=3840&q=70)
.jpeg&w=3840&q=70)
धनबाद(Dhanbad) - गणतंत्र दिवस को लेकर खुफिया विभाग की रिपोर्ट के बाद धनबाद जिले के नक्सल प्रभावित इलाकों सहित रेलवे स्टेशन के अलावा मुख्य संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सूत्रों के अनुसार रेलवे स्टेशन ,बीसीसीएल मुख्यालय ,डीजीएमएस, आईआईटी आईएसएम सहित अन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाई गई है. धनबाद में टुंडी, तोपचांची ,हरिहरपुर, राजगंज ,बरवड्डा इलाके नक्सल प्रभावित माने जाते हैं, इसलिए यहां की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
सभी थानों को चौकस रहने का निर्देश
सभी थानों को भी चौकस रहने का निर्देश दिया गया है. कई दूसरे जिलों की सीमाएं धनबाद से लगती हैं ,इसलिए उन जगहों पर भी चेकिंग की जा रही है. बता दें कि बंगाल के मैथन स्थित सीमा, गिरिडीह के टुंडी और इसरी , बोकारो का इलाका धनबाद जिले से लगता है. लिहाजा गाड़ियों की तलाशी चल रही है. धनबाद के एसएसपी संजीव कुमार ने आज टेलीफोन पर बताया कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर जिले की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है. होटल सहित बाहर से आकर ठहरने वाले जो भी स्थान है ,वहां जांच -पड़ताल चल रही है. आरपीएफ और जीआरपी रेलवे स्टेशन पर भी जांच अभियान चला रहे है.
रिपोर्ट :अभिषेक कुमार सिंह ,ब्यूरो हेड ,धनबाद
4+