दुमका में गणतंत्र दिवस समारोह की प्रशासनिक तैयारियां पूरी, कोविड गाइडलाइन का सख्ती से होगा पालन

    दुमका में गणतंत्र दिवस समारोह की प्रशासनिक तैयारियां पूरी, कोविड गाइडलाइन का सख्ती से होगा पालन

    दुमका (DUMKA) - 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है. दुमका को झारखंड की उप राजधानी का दर्जा प्राप्त होने के कारण यहां गणतंत्र दिवस के मौके पर सीएम झंडोत्तोलन करते हैं. इस वर्ष भी पुलिस लाइन मैदान में मुख्य समारोह आयोजित होगा, जहां सीएम हेमंत सोरेन 26 जनवरी को झंडोत्तोलन करेंगे. गणतंत्र दिवस समारोह की तमाम प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. प्रशासनिक स्तर से 15 जनवरी से ही गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां शुरू कर दी जाती है. सोमवार 24 जनवरी को परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया. संथाल परगना प्रक्षेत्र के डीआईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल और दुमका डीसी रविशंकर शुक्ला ने पुलिस लाइन मैदान पहुंचकर परेड के पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया. बता दें कि परेड में कुल 13 टुकड़ियां भाग ले रही हैं, जिसमें संथाल परगना प्रमंडल के सभी 6 जिलों से प्रतिभागी शिरकत करेंगे.

    सीएम के आगमन को किए गए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

    मौके पर मौजूद डीआईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल ने कहा कि सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोविड-19 के गाइडलाइन के अनुरूप ही समारोह होगा. समारोह स्थल पर बुजुर्ग तथा बच्चों को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी. सीमित संख्या में लोगों को ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति मिलेगी. सभी के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा. सामाजिक दूरी के अनुरूप समारोह स्थल पर कुर्सियां व्यवस्थित की जाएंगी. विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा निकाली जाने वाली झांकियां यहां का प्रमुख आकर्षण होती हैं. लेकिन इस वर्ष कोरोना संकट को देखते हुए समारोह की समाप्ति के पश्चात दिन भर झांकियां पुलिस लाइन मैदान में रहेंगी और लोग अपनी सुविधा अनुसार वहां पहुंचकर झांकियों का अवलोकन कर सकेंगे, ताकि भीड़ एकत्रित ना हो.

    रिपोर्ट : पंचम झा, दुमका


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news