हाय री बिजली : धनबाद में 120 मिनट में केवल 50 मिनट ही मिल रही बिजली  

    हाय री बिजली : धनबाद में 120 मिनट में केवल 50 मिनट ही मिल रही बिजली

    धनबाद(DHANBAD) | धनबाद में हर 2 घंटे पर सिर्फ 50 मिनट ही मिल रही है बिजली.  है ना आश्चर्यजनक बात और यह सिलसिला कोई एक  दिन का नहीं है बल्कि पिछले कई दिनों से कोयला क्षेत्र के लोग बिजली संकट झेल रहे है. अब तो स्थिति यह है कि धनबाद के चारों  फीडर मसलन गोधर ,गणेशपुर, पुटकी और पाथरडीह में  एक ही समय पर डीवीसी आपूर्ति बंद कर दे रहा है.  जानकार बताते हैं कि ऐसा पहली बार हो रहा है, जब डीवीसी चारो फीडर की आपूर्ति एक ही साथ बंद कर दे रहा है.  
    एकसाथ चारो फीडर में बंद कर दी जा रही बिजली 
    इससे पहले डीवीसी अलग-अलग समय पर अलग अलग फीडर की बिजली बंद करता था.  बता दें कि दामोदर वैली कारपोरेशन(डीवीसी) ने पिछले  दो दिन से अघोषित रूप से बिजली की कटौती के समय में बढ़ोतरी कर दी है. बिजली अधिकारी बताते हैं कि कटौती का समय 12 घंटे से भी अधिक कर दिया गया है.  बकाया वसूली के लिए डीवीसी की ओर से अब तक की सबसे अधिक कटौती कहीं जा रही है.  बिजली संकट से चारों ओर त्राहि-त्राहि है ,व्यवसाय उद्योग बुरी तरह प्रभावित है.  बिजली आपूर्ति निगम के कार्यपालक अभियंता ने भी कटौती के समय में बढ़ोतरी  की पुष्टि की है. 
    मुफ्त का था वादा लेकिन पैसा देने पर भी नहीं मिल रही 
     लोग कह रहे हैं कि चुनाव के समय झारखंड मुक्ति मोर्चा ने मुफ्त बिजली देने का वादा किया था ,मुफ्त में बिजली तो नहीं मिल रही है लेकिन पैसा देने के बाद भी लोगों को बिजली मयस्सर नहीं हो रही है.  बता दें कि डीवीसी ने अपने कमांड एरिया में बिजली की कटौती बढ़ाकर राज्य सरकार पर दबाव बनाना चाहता  है, जिससे कि सरकार बाध्य होकर बकाया राशि का भुगतान कर दे.  पिछले तीन-चार महीनों से यह स्थिति बनी हुई है.  लोग परेशान हैं ,बिजली नहीं मिल रही है और राज्य सरकार एवं डीवीसी  के बीच यहां की जनता पीस रही है.  धनबाद के जनप्रतिनिधियों की चुप्पी भी आश्चर्यजनक है ,क्योंकि हम लोग तो बिजली संकट के लिए गांधीगिरी कर रहे हैं लेकिन नेता मुखर होकर कुछ नहीं बोल  रहे है. 

    रिपोर्ट :अभिषेक कुमार सिंह ,ब्यूरो हेड ,धनबाद



    Related News