अपराध के दलदल में गोड्डा के यूथ, व्हाट्सग्रुप बना कर दे रहे वारदात को अंजाम

    अपराध के दलदल में गोड्डा के यूथ, व्हाट्सग्रुप बना कर दे रहे वारदात को अंजाम

    गोड्डा (GODDA)- पिछले कुछ महीनों से लगातार गोड्डा जिले में हुए कई अपराधों में युवा वर्गों की संलिप्तता पाए जाना गोड्डा पुलिस के लिए सरदर्द सा बन गया है. सिर्फ अपराध ही नहीं, नशा के दलदल में भी चे फंसते जा रहे. पिछले कुछ महीनों को अपराधों पर नजर डालने और थाना प्रभारियों से बात करने पर इसकी पुष्टि होती है.

    मारपीट तथा हत्या तक के मामले में मिली है युवाओं की संलिप्तता 

    गोड्डा एस पी वाई एस रमेश ने पिछले दिनों जिले में कई घटनाओं में युवाओं के शामिल होने की बात कहते हुए चिंता व्यक्त की थी. कहा था कि युवा वर्ग नशे के लिए चोरी ,छिनतई तथा मारपीट करने तक से गुरेज नहीं करते हैं जो चिंता का विषय है. एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में युवाओं पर विशेष नजर रखने की ताकीद भी की है. साथ ही यह भी कहा कि समय समय पर परिजनों को थाने में बुलाकर काउंसिलिंग भी होनी चाहिए .

    मारपीट तथा छिनतई की घटनाओं में हुई है बढ़ोतरी 

    नगर थाना प्रभारी मुकेश पाण्डेय द्वारा बताया गया कि पिछले कुछ माह में सिर्फ नगर थाना क्षेत्र की बात करें तो दर्जनों कांड राहजनी, मोबाइल छिनतई तथा मारपीट की घटनाएं घटी हैं. इनमें से कुछ ही मामले थाने में दर्ज करवाए जाते हैं और इन सभी मामलों में अधिकांश युवा वर्ग शामिल रहते हैं .उन्होंने बताया कई मामलों में नाबालिगों के भी शामिल होने के प्रमाण मिले हैं .

    ब्राउन सुगर तक इस्तेमाल कर रहे गोड्डा के युवा 

    पिछले दिनों गोड्डा पुलिस द्वारा युवाओं की एक टोली को को गिरफ्तार किया गया था जिसमें छह की संख्या में युवा बिहार से ब्राउन सुगर लेकर गोड्डा आ रहे थे जो बेचने का काम तो कर ही रहे थे, मगर खुद भी इसके आदि हो गए थे. इसके अलावे dendrite, कफ सिरप,गांजा आदि जैसे नशे के भी युवा आदि होते जा रहे हैं .

    ग्रुप बनाकर देते हैं अपराधिक घटनाओं को भी अंजाम 

    नगर थाना प्रभारी मुकेश पाण्डेय ने बताया कि जिला मुख्यालय में युवाओं की कई टोली बनी हुई हैं जिन्होंने अलग अलग नाम से व्हाट्स एप्प ग्रुप बनाया हुआ है.  इन टोलियों में युवाओं की उम्र 15 वर्ष से लेकर 25 वर्ष के अंदर की है जो झुण्ड बनाकर अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं .कई बार इनकी गिरफ़्तारी के बाद नाबालिग होने का फायदा उठाकर जल्द ही कानून की गिरफ्त से छूट जाते हैं और फिर अपराध करने लगते हैं .

    गोड्डा पुलिस द्वारा अब जगह जगह हो रही छापेमारी और काउंसिलिंग 

    युवाओं में बढ़ते अपराध और नशे की प्रवृति को देखते हुए अब युवाओं पर नकेल कसने की तैयारी कर ली गयी है .शहरी क्षेत्र में वैसे जगहों को चिन्हित करते हुए छापेमारी की जा रही जहां युवा टोली बनाकर अड्डाबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं .साथ ही झुण्ड बनाकर बेवजह मजमा लगा रहे युवाओं को भी उठाकर थाने बुलाकर उनके परिजनों के संग काउंसिलिंग की जा रही है .

    रिपोर्ट : अजीत कुमार सिंह, गोड्डा 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news