धनबाद जेल में कोरोना ने दी दस्तक, झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह समेत 11 बंदी संक्रमित

    धनबाद जेल में कोरोना ने दी दस्तक, झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह समेत 11 बंदी संक्रमित

    धनबाद(DHANBAD)- कोरोना का कहर जारी है. धनबाद मंडल कारा भी अब इसकी चपेट में आ गया है. पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह सहित चार लोगों की हत्या के आरोप में धनबाद जेल में बंद झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह समेत 11 बंदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. सभी का इलाज धनबाद के मंडल कारा अस्पताल में चल रहा है. संक्रमित कैदियों को जेल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है. मंडल कारा में मंगलवार को 155 बंदियों की RT-PCR जांच कराई गई थी, वहीं बुधवार को 100 बंदियों का स्वेब सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा. जिले में मंगलवार को 158 लोग कोविड संक्रमित मिले हैं, वहीं 138 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त भी हुए हैं.

    धनबाद में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 669

    जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 669 है. जिले में मिले 158 संक्रमित में से 105 धनबाद सर्किल के हैं, 22 झरिया के, 08 निरसा के, 03 बाघमारा के, 02 गोविंदपुर के और 01 बलियापुर के  संक्रमित मरीज मिले हैं. वहीं धनबाद जिले में मंगलवार को 15583 लोगों ने वैक्सीन ली है. जबकि 15 से 17 साल के बच्चों के लिए वैक्सीनेशन सेंटर में प्रतिदिन काफी संख्या में युवा वैक्सीनेशन करा रहे हैं. स्कूलों में भी वैक्सीनेशन कैम्प बनाया गया है, वहीं 434 लोगों ने बूस्टर डोज़ लिया है.

    मंडल कारा की सुरक्षा -व्यवस्था होगी कड़ी

    इधर, धनबाद मंडल कारा की सुरक्षा -व्यवस्था को लेकर एक विशेष रणनीति बनाई गई है. मंडल कारा की बाहरी सुरक्षा जैप के हाथों में दी जाएगी. जेल के चारों तरफ जैप के जवान तैनात रहेंगे ताकि कोई भी बंदी भाग नहीं पाए. जैप जवानों की तैनाती के लिए बड़े अधिकारी को पत्र लिखा जाएगा. उक्त बातें मंगलवार को धनबाद मंडल कारा में जेल सुरक्षा कमेटी की बैठक में कही गई. इस बैठक में धनबाद एसडीएम प्रेम कुमार तिवारी ,एएसपी मनोज स्वर्गियरी, स्पेशल ब्रांच के डीएसपी एस तमांग, जेल अधीक्षक अजय कुमार, जेलर अश्विनी तिवारी आदि शामिल थे. कमेटी के अधिकारियों ने जेल के चारों ओर लगे बिजली के वार हेड वायर को देखा, जेल निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि बहुत सारी कमियां हैं, जैसे जेल की सुरक्षा के लिए बाहरी दीवारों से सटे झोपड़ियों को हटाना ज़रूरी है.

    5 जी जैमर लगाने की जरूरत

    खासकर बेकारबांध की तरफ से कई झोपड़िया बनी हुई हैं, उनमें कुछ लोग रहते भी हैं. ऐसे में सुरक्षा में कभी भी चूक हो सकती है. इन लोगों को हटाकर किसी सुरक्षित स्थान पर भेजने का भी प्रस्ताव है. सुरक्षा कमेटी की टीम ने जेल में लगे वॉच टावर को ठीक करने के आदेश दिए हैं. साथ ही जेल के 2जी जैमर को हटाकर 5 जी जैमर लगाने को कहा गया है ताकि कोई भी अंदर से बाहर फोन न कर पाए. सुरक्षा कमिटी ने निरीक्षण में पाया कि जेल में जितनी सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए, उसमें काफी कमी है. रोस्टर के आधार पर सभी की ड्यूटी लगाई जाए ताकि जेल की सुरक्षा पर कोई असर ना पड़े. 

    रिपोर्ट: अभिषेक कुमार सिंह ,ब्यूरो हेड ,धनबाद

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news