कुएं से मां-बेटी का शव बरामद, हत्या की आशंका

    कुएं से मां-बेटी का शव बरामद, हत्या की आशंका

    चतरा (CHATRA) - सिमरिया थाना क्षेत्र के पुंडरा गांव से मां-बेटी का शव पुलिस ने गांव के ही एक जर्जर कुएं से बरामद किया है. मृतिका की पहचान गांव के ही गोपी महतो की पत्नी सुषमा कुमारी और उसकी 10 वर्षीय बेटी सोनाली के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार दोनों पिछले एक सप्ताह से लापता थे. उनकी खोजबीन की जा रही थी. लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल पा रहा था. इसी बीच गांव के एक जर्जर कुएं में ग्रामीणों ने दोनों शवों को तैरते देखा. इसके बाद मामले की सूचना मृतिका के मायके वालों के साथ पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही मृतिका के मायके वाले मौके पर पहुंचे और आक्रोशित होकर जमकर हंगामा किया.

    हत्या का आरोप

    बता दें कि मृतिका के परिजनों ने ससुराल वालों पर मृतिका को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मां और उसकी मासूम बेटी की निर्मम हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है. इधर घटना की सूचना मिलते ही सिमरिया एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी और थाना प्रभारी अविनाश कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. इसके बाद सिमरिया थाना में मृतिका के परिजनों ने पति, ससुर, सास, ननद और नंदोई समेत सात लोगों के विरूद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है. वहीं एफआईआर दर्ज होते ही मृतिका के पति गोपी महतो और ससुर भोली महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. साथ हीं दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.

    बच्ची के जन्म से नाखुश थे ससुराल वाले

    मृतिका चतरा के ही पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव की रहने वाली थी. दो साल पहले उसकी शादी पुंडरा निवासी गोपी महतो से हुई थी. परिजनों का आरोप है कि जब से बच्ची का जन्म हुआ था तभी से ससुराल वाले उसे प्रताड़ित कर रहे थे. इधर पुलिस अधिकारी मामले में तत्काल कुछ भी कहने से बच रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है.

    रिपोर्ट : संतोष कुमार, चतरा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news