पांच लाख रुपए के साथ धराए दो साइबर अपराधी


धनबाद (DHANBAD) : साइबर अपराधियों की औकात देखकर धनबाद भौंचक है. हुआ यह है कि ,कतरास पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से साढ़े पांच लाख नगद की बरामदगी की है. धनबाद में साइबर क्रिमिनलों की गिरफ़्तारी कोई नई बात नहीं है लेकिन उनके पास से इतनी रकम की बरामदगी शायद यह पहला मामला है.
साढ़े पांच लाख बैग में लेकर टोह ले रहे थे
बाघमारा डीएसपी निशा मुर्मू के अनुसार मंगलवार की रात पांच युवकों को राहुल चौक की एक एटीएम के पास मटरगश्ती करते देखा गया. पुलिस को देख तीन तो भाग गए लेकिन दो पकड़ लिए गए. उनके पास से साढ़े पांच लाख रकम सहित एटीएम आदि बरामद किए गए. उनके मोबाइल की जांच की गई तो कई एप लोड पाए गए. पूछताछ में दोनों ने साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अपने को जामताड़ा का रहनेवाला बताया है.
जामताड़ा के नारायणपुर के हैं रहने वाले
दोनों जामताड़ा के नारायणपुर निवासी हैं जिनके नाम इजराइल अंसारी और माजिद अंसारी हैं. फिलहाल दोनों के तार कहां से जुड़ें हैं और कहां और कितने मामले इनके खिलाफ हैं ,पुलिस जांच कर रही है. अन्य राज्य के लोगों से भी ठगी करने की बात पूछताछ में सामने आई है. बता दें कि धनबाद से सटे जिलों में साइबर अपराधी और पुलिस के बीच लुकाछिपी का खेल लंबे समय से चल रहा है. उग्रवाद प्रभावित धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड में एकाएक साइबर अपराधियों की बाढ़ आ गई है. देखते देखते उनकी हैसियत काफी बढ़ गई है. धनबाद से सटे जामताड़ा जिला तो साइबर अपराध का जन्मदाता ही है. पुलिस हर दिन किसी न किसी अपराधी को गिरफ्तार करती है लेकिन कुछ दिनों बाद छूट कर आते हैं और उसके बाद वे फिर वही काम करते हैं, जिसके लिए उन्हें पुलिस ने जेल भेजा था.
रिपोर्ट -सत्य भूषण, धनबाद
4+