ऑयल एक्सट्रैक्शन प्लांट का आयुक्त न उपायुक्त ने किया उद्घाटन, औषधीय पौधे की खेती करने का दिया सलाह


पलामू(PALAMU): राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर हुसैनाबाद प्रखंड के डुमरहाथा गांव में ऑयल एक्सट्रैक्शन प्लांट में पामारोजा से तेल निकालने के कार्य का उद्घाटन आयुक्त जटा शंकर चौधरी और पलामू उपायुक्त शशि रंजन ने किया. पामारोजा से तेल निकालने की पूरी प्रक्रिया को बारीकी से देखा और किसानों से प्लांट एवं ऑयल से संबंधित जानकारी लिया.
कृषि प्रदर्शनी का किया अवलोकन
वीर कुंवर सिंह कृषक सेवा सहकारी समिति लिमिटेड की ओर से आयोजित कृषि प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और किसानों द्वारा लगाए गए उत्पाद की जानकारी ली. प्रदर्शनी में किसानों द्वारा काला धान, काला चावल, काला गेहूं, पिपरमिंट, तुलसी, पामारोजा का तैयार बीज एवं इसके पौधे से एक्सट्रैक्शन प्लांट के माध्यम से निकाले गये ऑयल, शुगर फ्री आलू, अश्वगंधा के बीज एवं लाल भिंडी आदि उत्पाद को प्रदर्शित किया गया था. आयुक्त जटा शंकर चौधरी पलामू उपायुक्त शशि रंजन ने किसानों की इस प्रदर्शनी की सराहना किया साथ ही किसानों को प्रोत्साहित किया.
औषधीय पौधों की खेती से बढ़ेगी आमदनी
उन्होंने कहा कि पलामू जिले के किसान प्रयोगधर्मी हैं. खेती में वे अलग-अलग प्रयोग करते रहते हैं, जिसका फायदा भी उन्हें मिल रहा है. उन्होंने किसानों को औषधीय पौधों की खेती को विस्तारित करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा से किसानों को अत्यधिक मुनाफा होगा. स्थानीय प्रशासन द्वारा भी किसानों के उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा.
विशेष केंद्रीय सहायता योजना के अंतर्गत ऑयल एक्सट्रैक्शन प्लांट का हुआ अधिष्ठापन
औषधीय पौधों की खेती के बाद किसानों को ऑयल निकालने के लिए बिहार के सासाराम के अलावा दूसरे राज्यों में जाना पड़ता था. किसानों ने उपायुक्त से मिलकर अपनी समस्याएं रखी थी. जिसके बाद पलामू जिला प्रशासन ने सकारात्मक पहल करते हुए विशेष केंद्रीय सहायता योजना के अंतर्गत ऑयल एक्सट्रैक्शन प्लांट का अधिष्ठापन किया. जिससे किसानों को दूसरे राज्यों में जाने की समस्या से निजात मिली. इसके अधिष्ठान से किसानों के खर्च का भी बचत हुआ है. उन्होंने किसानों को परंपरागत खेती से हटकर कुछ इसी तरह की विशेष प्रकार की खेती करने की सलाह दिया,ताकि उन्हें अधिक मुनाफा हो सके. उपायुक्त ने अधिक-से-अधिक औषधीय पौधे की खेती करने की बातें कही. ताकि जिला प्रशासन की ओर से अधिष्ठापित एक्सट्रैक्शन प्लांट से अधिक ऑयल निकाला जा सके और उसका व्यवसायिक विपणन में किसान सफल हो सकें.इस दौरान हुसैनाबाद अनुमंडल पदाधिकारी कमलेश्वर नारायण और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूज्य प्रकाश भी उपस्थित थे. मौके पर किसान प्रियरंजन सिंह, विनोद सिंह, राजू विश्वकर्मा, अशोक विश्वकर्मा, गणेश मेहता, कपिलदेव ठाकुर, चंद्रदेव मेहता, रामजन्म मेहता, रामअवतार मेहता आदि बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे.
रिपोर्ट :समीर हुसैन (रांची डेस्क )
4+