कोयलांचल के विकास के लिए कसी कमर, अस्पताल से तलाब तक के लिए बनाई योजना 

    कोयलांचल के विकास के लिए कसी कमर,  अस्पताल से तलाब तक के लिए बनाई योजना 

    धनबाद (DHANBAD) : कोयलांचल की धरती कोयला और अन्य खनिजों के लिए जानी जाती है. यहां के इन खनिजों से राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश को राजस्व प्राप्त होता है. मगर, पूरे देश को राजस्व देने वाले इस कोयलांचल की धरती खुद विकास से कोसों दूर है. शहरी हालत की तो स्थिति कुछ ठीक भी है लेकिन यहां के ग्रामीण इलाकों और कोल खदान वाले इलाकों की हालत दयनीय है. इसी स्थिति को देखते हुए जिले के उपायुक्त संदीप सिंह की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट और न्यास परिषद की बैठक रखी गई. इस बैठक में कोयलांचल के विकास के लिए रणनीति पर चर्चा की गई.  

    बैठक में कई योजनाओं को किया गया पारित

    इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि डीएमएफटी की राशि से राज्य सरकार के निर्देश पर योजना तैयार की जा रही है. उन्होंने मुख्य रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजलापूर्ति सहित अन्य जन उपयोगी योजनाओं पर विचार विमर्श किया. उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं को त्वरित गति से पूरा करना है. पेयजलापूर्ति की बड़ी योजनाओं के कार्य में तेजी लाने के लिए संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया गया है. जहां-जहां कार्य में बाधाएं आ रही थी, उसका समाधान किया जा रहा है. न्यास परिषद की बैठक के दौरान 22 मई 2021 को डीएमएफटी प्रबंधकीय समिति द्वारा अनुमोदित प्रस्तावों को इस बैठक में पारित किया गया. इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, पीएसए ऑक्सीजन प्लांट, मेडिकल गैस पाइपलाइन, सदर अस्पताल का सुदृढ़ीकरण, लीडर स्कूल व कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में आधारभूत संरचना सहित अन्य प्रस्तावों को पारित किया गया.

    विधायकों ने रखी अपनी बात

    इस बैठक में धनबाद भाजपा विधायक राज सिन्हा ने कहा कि हर पंचायत में एक विवाह भवन अवश्य बनना चाहिए. उन्होंने तालाबों का जीर्णोद्धार करने, खदान के पानी को तालाब तक पहुंचाने तथा बुनियादी संरचना के विकास के काम करने का सुझाव दिया. वहीं निरसा के भाजपा विधायक अपर्णा सेनगुप्ता ने वर्षो से बंद पड़े बरबेंदिया पुल की मरम्मत कर उसे शीघ्र शुरू करने, पाण्ड्रा मोड़ के रेफरल अस्पताल को जल्द शुरू करने, सालुकचपड़ा स्वास्थ्य केंद्र को व्यवस्थित करने, अंबोना स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की व्यवस्था करने, रानी तालाब का जीर्णोद्धार करने का सुझाव दिया. इसके अलावा झरिया की कांग्रेस विधायक श्रीमती पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि डीएमएफटी के तहत जो योजनाएं ली गई है, उन को एजेंसी द्वारा समय पर पूरा करना चाहिए. उन्होंने कहा कि झरिया में पेयजलापूर्ति योजना धीमी गति से चल रही है. कार्य में तेजी लाकर इसे समय पर पूरा करना चाहिए.

    रिपोर्ट: अभिषेक कुमार सिंह, ब्यरो हेड(धनबाद)


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news