जुगसलाई  लूटकांड का खुलासा--पूर्व कर्मचारी ने ही आपराधिक गिरोह से करवाई लूट

    जुगसलाई  लूटकांड का खुलासा--पूर्व कर्मचारी ने ही आपराधिक गिरोह से करवाई लूट

     जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स इंडस्ट्री के सचिव सह जुगसलाई के व्यवसाई सांवरलाल शर्मा के कर्मचारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने  खुलासा कर दिया है. एसएसपी कार्यालय में शुक्रवार को सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने इस संबंध में प्रेसवार्ता किया.  जानकारी दी कि लूट पूर्व कर्मचारी ने ही कराई है.

    सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने बताया कि व्यवसाई सांवरलाल शर्मा के प्रतिष्ठान के पूर्व कर्मचारी अभिषेक कुमार खुर्दरा ने ही लूट की योजना बनाई थी. स्क्रैप का बिजनेस करने के लिए उसे पैसों की जरूरत थी. साकची में उसकी मुलाकात तीन बार जेल जा चुके अपराधी राकेश बहादुर से हुई, जिसके बाद राकेश और प्रीतपाल के साथ मिलकर उसने लूट की घटना की प्लानिंग की थी. घटना को राकेश बहादुर के गिरोह ने अंजाम दिया. पुलिस ने गोलमुरी के रहनेवाले अभिषेक कुमार खुर्दरा, बिरसानगर के रहनेवाले राकेश बहादुर और बिरसानगर के ही प्रीतपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने राकेश बहादूर के पास से लूट के 48,300 रुपए, अभिषेक के पास से 29,950 रुपए, मोबाइल और प्रीतपाल के पास से लूटी गई राशि से खरीदी गई लाल रंग की हौंडा एक्टीवा स्कूटी और मोबाइल की बरामदगी की है. 

    9.83 लाख रुपए की हुई लूट

    बता दें कि 5 दिसंबर की शाम जुगसलाई में व्यवसाई सह सिंहभूम चैंबर of commerce के सचिव सांवरलाल शर्मा के प्रतिष्ठान से अपराधियों ने 9.83लाख की लूट कर ली थी. घटना के संबंध में कर्मचारी बजरंग लाल शर्मा ने बताया कि वे शाम को प्रतिष्ठान में बैठे थे, इसी बीच दो अपराधी आए और शटर गिराकर पिस्टल का भय दिखाकर अलमारी खुलवाई. इसके बाद 9.83 लाख लूटकर ले गए. इस दौरान विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की थी. इस संबंध में बजरंग लाल शर्मा ने अपने मालिक सांवरलाल शर्मा को सूचित किया. पुलिस ने घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज को खंगाला था जिससे कई सुराग मिले थे. पुलिस ने बताया कि अभिषेक को पता था कि कब प्रतिष्ठान में कर्मचारी अकेले होता है और पैसे कहां रखे होते हैं. पूरी योजना बनाकर उसने ये लूट करवाई. घटना की सूचना मिलने पर सिंहभूम चैंबर of commerce ने पुरजोर तरीके से विरोध करते हुए जिला प्रशासन से अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की थी.

    रिपोर्ट : अन्नी अमृता, जमशेदपुर



    Related News