जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : जमशेदपुर की पहचान यहां की चौड़ी और चमकती सड़कों से होती हैं, पर जमशेदपुर से सटे 15 किलोमीटर की दूरी पर ही सड़क की बदहाली से कई गांवों की शादियां रुक गई हैं. यह दृश्य जमशेदपुर से महज 25 किलोमोटर दूर पटमदा की है, जहां पटमदा जल्ला कॉलेज से लेकर कमलपुर तक की 15 किलोमीटर की सड़क पर चलना मुश्किल है. इससे गांव वालों का बुरा हाल है. खास कर इस गांव के युवा परेशान हैं. सड़क नहीं होने के कारण गांव में अच्छे गांव से रिश्ते आने बंद हो गए हैं. लोगों का कहना है कि खराब सड़क के चलते, दूसरे गांव के लोग हमारे गांव में रिश्ता लेकर नहीं आना चाहते. अब किसी की शादी सिर्फ सड़क के कारण रुक गई तो उसके मनःस्थिति पर क्या प्रभाव पड़ेगा, इसका तो सिर्फ अंदाजा ही लगाया जा सकता है.
एम्बुलेंस भी नहीं आता गांव में
शादियां तो खराब सड़क के कारण रुकी हुई हैं ही मगर इसके साथ-साथ एंबुलेंस भी इस गांव में नहीं आता है और ना ही कोई भाड़े वाली गाड़ी आती है, और जो गाड़ी आती है वो बिना चौगुना भाड़ा लिए नहीं ले जाती है. अगर किसी को किसी कारणवश तुरंत अस्पताल जाना पड़ जाए तो उसका बचना मुश्किल हो जाता है. इस सड़क को बनवाने के लिए कई सांसद और विधायक ने आश्वासन दिया. बावजूद अब तक सड़क नहीं बन पाई है. ग्रामीण लोगों का कहना है कि अगर जल्द सड़क नहीं बनी तो आने वाले दिनों में हम लोग वोट का बहिष्कार करेंगे. वहीं खराब सड़क के कारण गांव की छात्राओं को स्कूल जाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. 15 किलोमीटर सड़क यात्रा को आप देख खुद हैरान हो जाएंगे, जहां एक तरफ जमशेदपुर की चौड़ी-चौड़ी सड़कों को देश के कोने-कोने के लोग जानते हैं. वहीं उसी से सटे कुछ ही किलोमीटर दूर ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें अपनी बदहाली से जानी जा रही है. गांव के बच्चे हो या बड़े सभी लोग इस बदहाली से परेशान है. जमशेदपुर के साथ आसपास के सट्टे इन सड़कों की बदहाली कब तक खत्म होगी या फिर 5 साल विधायक जी के आश्वासन पर ग्रामीणों को रहना होगा यह तो देखने वाली बात होगी.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा, जमशेदपुर
Thenewspost - Jharkhand
4+

