दुमका (DUMKA) : पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव प्रशांत कुमार शनिवार को दुमका पहुंचे. उन्होंने शहर से सटे हिजला गांव में निर्माणाधीन हिजला ग्रामीण जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया. कार्य की गुणवत्ता देख उन्होंने संतुष्टि जताई और बताया इस योजना से लगभग 35 घरों को पानी की आपूर्ति होगी. निरीक्षण के बाद जब वे वापस लौटने लगे तो प्रवेश द्वार पर हिजला के ग्रामीणों ने उनका रास्ता रोक लिया. ग्रामीण पहले हिजला के लोगों को पानी देने और नि:शुल्क जल आपूर्ति की मांग कर रहे थे. दरअसल, सचिव के कार्यक्रम को लेकर स्थल पर टेंट और कुर्सी लगाए गए थे जिससे ग्रामीणों को लगा कि हिजला ग्रामीण जलापूर्ति योजना का उद्घाटन हो गया और उनके घरों तक अभी पाइपलाइन भी नहीं पहुंचा है. लेकिन सचिव ने उन्हें समझाया कि अभी इसका उद्घाटन नहीं हुआ है, बल्कि वह कार्य देखने आए थे और इसके उद्घाटन में अभी छह महीने का समय लगेगा. तब ग्रामीण नि:शुल्क जलापूर्ति की मांग करने लगे. सचिव ने ग्रामीणों को समझाया कि योजना चलाने के लिए बिजली की जरूरत होती है और बिजली आपूर्ति के लिए विभाग को पैसा देना पड़ता है, तो आप लोगों से न्यूनतम राशि ली जाएगी ताकि मेंटेनेंस किया जा सके. संतुष्ट होने के बाद ग्रामीणों ने उनका रास्ता छोड़ दिया और सचिव का काफिला आगे निकल गया.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
Thenewspost - Jharkhand
4+

