देखते ही देखते उड़ गए कार के परखच्चे, रफ्तार ने लील ली पांच की जान

    देखते ही देखते उड़ गए कार के परखच्चे, रफ्तार ने लील ली पांच की जान

    धनबाद(DHANBAD) उन्हें क्या पता था कि धनबाद  के गोविंदपुर में मौत उन सभी का इंतजार कर रही है. कार की गति ने भी मौत का ही साथ दिया. जिस वक्त दुर्घटना हुई ,उस समय कार  की स्पीड मीटर 150 किलोमीटर प्रति घंटा पर लॉक थी. यानि कार 150 किलोमीटर प्रति घंटा  की रफ्तार से चल रही थी. बता दें कि  धनबाद के एनएच-2 पर कौआबांध,गोविंदपुर पुलिया के नजदीक मंगलवार की सुबह करीब छह बजे भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई.


    आधार कार्ड से पहचाने जा सके मृतक 


    मृतकों में एक बच्चा और दो महिला भी शामिल हैं.  सभी स्विफ्ट डिजायर कार पर सवार होकर रामगढ़ से आसनसोल जा रहे थे.  मृतकों के पास से मिले आधार कार्ड से दो मृतकों की पहचान कर ली गई है.  फिलहाल पुलिस ने पांचो शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है और घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है. 


    उड़ गए कार के परखच्चे


    आज सुबह करीब छह बजे कौआबांध कलाडीह मोड़ के समीप एनएच- 2 पर बने पुल पर उक्त स्विफ्ट डिजायर कार इतनी तेज गति में थी कि कार पुलिया की रेलिंग को टच किए बगैर  उछल कर पालाडीह जोड़िया (छोटी नदी) को पार करते हुए दूसरी तरफ दीवार से टकरा गई.  सड़क से करीब 100 मीटर से भी ज्यादा नीचे गिरने के कारण कार के परखच्चे उड़ गए.  साथ ही कार में बैठे पांच लोगों की मौत हो गई. 


    मृतक घाटोटांड, रामगढ़ के 


     घटना के समय मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने इसकी सूचना गोविंदपुर पुलिस  को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी शव को कार से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेजा . गोविन्दपुर थाना प्रभारी  उमेश सिंह ने बताया कि  मिले आधार कार्ड से दो लोगों की पहचान कर ली गई है.  उन्होंने बताया कि एक का नाम वसीम अकरम और दूसरा का नाम शकील अख्तर है.  मृतक घाटोटांड, रामगढ़ के रहने वाले हैं.  पुलिस ने बताया कि कार की जांच में पता चला है कि यह दुर्घटना तेज गति के कारण हुई है.   कार की जांच के दौरान कार का स्पीड मीटर 150 किलोमीटर पर लॉक मिला है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news