धनबाद में सूदखोरों का पैरेलल राज ! आतंक में एक हफ्ते में दो कोयलाकर्मिओं ने दे दी जान

    धनबाद में सूदखोरों का पैरेलल राज !  आतंक में एक हफ्ते में दो कोयलाकर्मिओं ने दे दी जान

    धनबाद (DHANBAD) :  क्या कोयलांचल में सूदखोरों की समानांतर व्यवस्था चल रही है. सूद के धंधे में लगे लोगों को क्या प्रशासन का कोई भय नहीं है.  एक सप्ताह के भीतर कोयलांचल में दो बीसीसीएल कर्मियों ने सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली है. पहली घटना तीन दिन पहले केंदुआ में हुई थी जबकि दूसरी घटना में बीसीसीएल की दहीबाड़ी ओसीपी में पंप ऑपरेटर के पद पर काम कर रहे राजन भगत ने बुधवार को दहीबाड़ी स्थित अपने आवास पर फांसी लगाकर जान दे दी. पुलिस ने उसके घर से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें उसने सूदखोरों से तंग आकर आत्महत्या करने की बात कही है. पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर बेनागढ़िया के विशाल दास और कुल्टी के विमल सेठ पर मुकदमा कर जांच कर रही है.

    मारा पीटा और नई स्कूटी लेते गया सूदखोर

    पत्नी ने पुलिस को जो बयान दिया है, वह काफी आश्चर्य करने वाला है. पत्नी सारू देवी ने कहा है कि रविवार को सूद की रकम मांगने विशाल दास घर आया था. वहां पति को घर वालों के सामने ही मारा पीटा और घर में रखी नई स्कूटी के साथ बैंक पासबुक और अन्य कागजात भी अपने साथ लेता चला गया. 

    बता दें कि तीन दिन पहले रविवार की रात सूदखोर की प्रताड़ना से तंग आकर गोधर बेलघरिया बस्ती निवासी बीसीसीएल कर्मी बच्चन चौहान ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी. इस घटना में भी आरोपी को जेल भेज कर पुलिस चुप बैठ गई है. बता दें कि कोयलांचल में सूदखोरों का इतना मजबूत और संगठित गिरोह है कि उसे तोड़ने के लिए अभियान चलाने की जरूरत है.

    रिपोर्ट: अभिषेक कुमार सिंह, ब्यूरो हेड(धनबाद)


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news