बोकारो (BOKARO) : जिले में पुलिस की तत्परता ने कुछ घंटों के भीतर ही अपहरण किए गए एक शख्स को सही सलामत बचा लिया. हालांकि, पुलिस ने इस बात को गोपनीय रखा. बीते दिन पुलिस ने प्रेस वार्ता कर इस पूरे मामले की जानकारी दी. दरअसल, जिले के तेनुघाट स्थित भारत माता मंदिर के समीप से चार अपराधियों ने फिरौती के उद्देश्य से छप्पर गढ़ा निवासी धर्मेंद्र को मंगलवार के दिन लगभग 11 बजे अपहरण कर लिया था. इसके बाद उसे तेनुघाट दो नम्बर स्थित एक झोपड़ी नुमा घर में ले जाकर बंद कर दिया था. इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने अपहृत धर्मेंद्र के मोबाइल से उसके पिता को फोन करके फिरौती की मांग की. इस मामले में तेनुघाट पुलिस ने कुछ ही घण्टे के अंदर ही अपहरणकर्ताओं को धर-दबोचते हुए अपहृत धर्मेंद्र को छुड़ा लिया.
फिरौती के लिए किया गया अपहरण
इस संबंध में बेरमो डीएसपी सतीशचंद्र झा ने बताया कि छप्पर गढ़ा निवासी जय लाल करमाली का पुत्र धर्मेंद्र प्रतिदिन अपनी मोटरसाइकिल से गोमिया डांस क्लास के लिए जाया करता था. मंगलवार को प्रतिदिन की भांति धर्मेंद्र डांस क्लास के लिए निकला. तभी भारत माता मंदिर के पास चार लोगों ने इशारा करके उसे रुकने को कहा. जिसमें धर्मेंद्र एक व्यक्ति से परिचित था. परिचित को देखते ही धर्मेंद्र ने मोटरसाइकिल रोका. मोटरसाइकिल रुकते ही चारों लोग उसे घेरकर मंदिर के नजदीक बने झोपड़ी में ले गए और उसके हाथ-पैर और मुंह को बांध दिया. अपहरणकर्ताओं ने वहीं से धर्मेंद्र के मोबाइल से उसके पिता जयलाल को फोन लगाकर फिरौती की मांग की. उसके पिता को लगा कि कोई मजाक कर रहा है और वह अपना काम निपटाने लगे. काम निपटाने के बाद पुनः अपने पुत्र के मोबाइल नंबर पर फोन लगाया लेकिन उनके पुत्र का मोबाइल बंद आने लगा.
जय लाल ने इसकी सूचना तेनुघाट ओपी प्रभारी प्रशांत कुमार सिंह को दी. ओपी प्रभारी ने अपने वरीय पदाधिकारी को इसकी सूचना दी तथा मामले में सन्हा दर्ज किया. ओपी प्रभारी के सूचना के उपरांत वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर अपहृत धर्मेंद्र के मोबाइल को सर्विलांस पर डाला और साथ ही अपने गुप्तचरों को भी लगाया. गुप्तचरों के द्वारा दिये गए सूचना पर पुलिस ने एक झोपड़ी नुमा घर में छापेमारी करते हुए चार अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया और अपहृत धर्मेंद्र को भी छुड़ा लिया. गिरफ्तार किए गए अपराधियों से पूछताछ के बाद यह बात सामने आई कि अपहृत धर्मेंद्र के पिता सीसीएल से रिटायर हुए थे. इसलिए फिरौती के लिए धर्मेंद्र का अपहरण किया गया था. अपहरणकर्ताओं की निशानदेही पर धर्मेंद्र का मोटरसाइकिल, बैग, तीन मोबाइल, चाकू, सेलो टेप, रस्सी, लाल रंग का कपड़ा सहित दो मोटरसाइकिल को जब्त किया गया है.
रिपोर्ट: संजय कुमार, गोमिया(बोकारो)
Thenewspost - Jharkhand
4+

