आगामी ठंड को लेकर प्रशासन अर्लट, शुरू किया कंबल का वितरण


गुमला(GUMLA) - जिला प्रशासन द्वारा लम्बे समय बाद इस बार गरीबों को समय पर कंबल दिया जा रहा है. इसको लेकर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है. जिला के डीसी खुद इसको लेकर काफी सक्रिय दिख रहे हैं.
सभी ब्लॉक और पंचायत में कराया गया कम्बल उपलब्ध
गुमला जिला में हर वर्ष ठंड के कारण गरीबों की मौत की खबर आती थी. इसको लेकर प्रशासन की तरफ काफी सवाल भी उठते थे. इस बार जिला के उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा ने ना केवल कम्बल की खरीदारी का कार्य समय पर पूरा किया बल्कि उसका वितरण भी समय पर शुरू करवा दिया है. अभी सही रूप से ठंड शुरू भी नहीं हुई है. जिला के सभी ब्लॉक और पंचायत में कम्बल उपलब्ध करवा दी गयी है.
कुल हजार दो सौ एक कम्बलों का वितरण
मौके पर जिला के डीसी शिशिर कुमार सिन्हा ने बताया कि जिला में कुल तीन हजार दो सौ एक कम्बल उपलब्ध करवाया गया है. इसे जरूरतमंदों के बीच बांटा जा रहा है. डीसी ने कहा कि किसी व्यक्ति को ठंड के कारण दिक्कत ना हो, इसको गंभीरता से लिया गया है. वहीं जिला के एसडीओ रवि आनंद भी डीसी के साथ कम्बल वितरण के दौरान मौजूद रहे. उन्होंने भी कहा कि कम्बल के साथ ही नगर परिषद द्वारा कई स्थानों को चिन्हित कर वहां अलाव की भी व्यवस्था की जा रही है. इस दौरान मौजूद जिला के अपर समाहर्ता सुधीर कुमार गुप्ता ने कहा कि समय पर जरूरतमंदों को कम्बल मिल जाने से उन लोगों को काफी राहत मिलती है. साथ ही उन्होंने पंचायतों में उन जरूरतमंदों तक कम्बल पहुंचाने की बात कही जो लाचार होने के कारण कम्बल लेने के लिए सरकारी कार्यालय तक नहीं पहुंच पाते हैं. इस दौरान मौजूद नजारत उपसमाहर्ता सिद्धार्थ शंकर चौधरी ने कहा कि जिला के उपायुक्त की सक्रियता से समय पर कम्बल की खरीदारी संभव हो पायी है.
प्रशासनिक पदाधिकारी की वाहनों में हमेशा रहेगा कम्बल
जिला के सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी खुशेन्द्र सोन केसरी भी इस दौरान गरीबों को कम्बल देते हुए नजर आए. उन्होंने कहा कि जिला के सभी प्रशासनिक पदाधिकारी की वाहनों में कम्बल रखा रहेगा. जिसे वे फील्ड दौरा के दौरान जरूरतमंदों को दे सकेंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि इस बार आम लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो इसको लेकर सीएम हेमन्त सोरेन ने सख्त निर्देश दिया है. जिसका अनुपालन करने के लिए जिला के डीसी शिशिर कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पूरी टीम काम कर रही है. वहीं डीसी अपनी पूरी टीम के साथ रात में कई स्थानों पर गरीबों को कम्बल का वितरण कर ठंड से बचने की सलाह दी. इस दौरान मौजूद जिला के सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी देवेंद्र नाथ भादुड़ी ने कहा कि लोगों को इसको लेकर सूचित भी किया गया है कि प्रशासन द्वारा कम्बल उपलब्ध करवाया जा रहा है.
रिपोर्ट : सुशील कुमार सिंह, गुमला
4+