रांची(RANCHI) : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने केंद्र सरकार की जमकर तारीफ की. दीपक प्रकाश ने कहा कि आज पूरे विश्व में टीकाकरण की चर्चा हो रही है. 278 दिन में सौ करोड़ टीका लगाने का काम हुआ है. आने वाले दिनों में प्रदेश भाजपा की टीम घर-घर दस्तक देकर टीकाकरण अभियान को और सफल बनाएगी. वहीं हेमंत सरकार पर जम कर हमला बोला. दीपक प्रकाश सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बोल रहे थे.
हेमंत सरकार बजट का मात्र 16 प्रतिशत ही खर्च कर पाई
दीपक प्रकाश ने हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि लगभग दो साल का समय बीतने को है लेकिन राज्य सरकार बताए कि इन दो सालों में क्या काम हुआ. शिक्षा, स्वास्थ, रोजगार, सड़क जैसे मुद्दे पर तनिक भी काम नही किया गया. बजट का मात्र 16 परसेंट खर्च होना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार काम करना ही नहीं चाहती. केंद्र सरकार द्वारा आवंटित किए गए पैसों का इस्तेमाल भी सही से नहीं हो रहा है. कई योजनाओं का पैसा सरेंडर हो रहा है. पेयजल, ग्रामीण सड़क से जुड़ी योजनाओं का पैसा वापस लौट जा रहा है. वर्तमान सरकार यहां की जनता को दिग्भ्रमित करने में जुटी हुई है. अपने नाकामी का ठीकरा केंद्र सरकार पर फोड़ना गलत है. आगे उन्होंने कहा कि विश्व मंच पर पर्यावरण जैसे मुद्दे को लेकर पीएम मोदी की पहल की तारीफ हो रही है. बंगाल में चुनावी हिंसा पर चिंता जाहिर की. उन्होंने बताया कि बंगाल में लोकतांत्रित तरीके से आंदोलन जारी रहेगी. भाजपा की ओर से कई कार्यक्रम तय किये गए हैं जिसके तहत 25 दिसंबर तक सभी बूथों पर कमिटी बनायी जाएगी.
रिपोर्ट: अभिनव कुमार, रांची
Thenewspost - Jharkhand
4+

