चिढ़ या मानसिक सनक? राह चलती लड़कियों की कमर पर कैंची मारता था युवक, वजह ने उड़ाए होश

    चिढ़ या मानसिक सनक? राह चलती लड़कियों की कमर पर कैंची मारता था युवक, वजह ने उड़ाए होश

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): दुनिया में हर इंसान को कोई ना कोई चीज खुशी देती है.किसी को घूमना पसंद होता है, किसी को खाना, तो किसी को दोस्तों से बातें करना लेकिन अगर कोई इंसान दूसरों को दर्द देकर खुशी महसूस करने लगे, तो यह सिर्फ अजीब नहीं बल्कि खतरनाक भी बन जाता है.नोएडा से सामने आई एक ऐसी ही कहानी ने लोगों को हैरान कर दिया है. यहां एक युवक राह चलती लड़कियों की कमर में कैंची मारकर सुकून महसूस करता था.सुनने में यह किसी साइको थ्रिलर फिल्म की कहानी लगती है, लेकिन यह हकीकत है.

    सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर रहस्य से पर्दा उठा

    दरअसल, पिछले कई दिनों से नोएडा में ऐसी घटनाएं सामने आ रही थी, जहां स्कूटी सवार एक युवक अचानक पीछे से आता, लड़कियों की कमर के नीचे नुकीली चीज से हमला करता और फरार हो जाता.शुरुआत में पुलिस के पास कोई बड़ा सुराग नहीं था पीड़िताएं डरी हुई थीं और इलाके में दहशत का माहौल बन गया था लेकिन जब पुलिस ने लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तब इस रहस्य से पर्दा उठा.

    आरोपी ने कहा कि उसे लड़कियों से चिढ़ थी

    पुलिस ने 26 वर्षीय अंकित वर्मा को गिरफ्तार किया, जो एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट है. पूछताछ में उसने जो बात बताई, उसने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया.आरोपी ने कहा कि उसे लड़कियों से चिढ़ थी और ऐसी हरकत करने से उसे “मन की खुशी” मिलती थी. पुलिस के मुताबिक आरोपी अब तक कई महिलाओं को निशाना बना चुका है और पांच पीड़िताएं सामने आ चुकी है.घटना का खुलासा तब हुआ जब सेक्टर-58 थाने में दो युवतियों ने शिकायत दर्ज कराई.दोनों ऑफिस से घर लौट रही थीं, तभी स्कूटी सवार आरोपी ने पीछे से हमला किया.दोनों घटनाएं महज 10 मिनट के अंतराल में हुई थी.इसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी तक पहुंच गई.

    परिवार करतूत जानकर स्तब्ध

    सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि अंकित का परिवार उसकी करतूत जानकर स्तब्ध रह गया.पत्नी और माता-पिता को यकीन ही नहीं हुआ कि शांत दिखने वाला युवक इस तरह की सनकी हरकतें कर सकता है.अब पुलिस उसकी मानसिक स्थिति की जांच कराने की तैयारी कर रही है, ताकि यह समझा जा सके कि आखिर उसके अंदर ऐसी खतरनाक सोच कैसे पैदा हुई.



    Related News