टीएनपी डेस्क (TNP DESK): अगर आप भी आने वाले दिनों में हवाई यात्रा करने की सोच रहे हैं तो जरा ठहरिए क्योंकि अब आपकी जेब को बड़ा झटका लग सकता है. आने वाले दिनों में फ़्लाइट्स का किराया बढ़ सकता है पर आपको जानकर हैरानी होगी की यह बदलाव अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण नहीं बल्कि अपने देश में ही सरकार द्वारा बदली गई नीति के तहत होंगे. दरअसल नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने घरेलू हवाई किरायों पर लागू अस्थायी फेयर कैप हटाने का फैसला लिया है. यह नया नियम सोमवार, 23 मार्च 2026 से लागू हो जाएगा. सरकार ने यह निर्णय एयरलाइन्स की स्थिति और उड़ानों के संचालन में सुधार की समीक्षा के बाद लिया है.
इसी के तहत अब यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या इस फैसले के बाद फ्लाइट टिकट महंगे हो जाएंगे. इस पर सरकार का कहना है कि किराये अब बाजार और मांग के अनुसार तय होंगे, लेकिन एयरलाइन्स को मनमानी की छूट नहीं दी जाएगी.
बताते चले कि 6 दिसंबर को इंडिगो एयरलाइन्स में आई तकनीकी और परिचालन संबंधी दिक्कतों के कारण कई उड़ानें प्रभावित हुई थीं. इससे विमानों की उपलब्धता कम हो गई थी और टिकटों के दाम अचानक बढ़ गए थे. इसी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने किराये की अधिकतम सीमा तय कर दी थी. अब जब हालात सामान्य हो चुके हैं और उड़ानों का संचालन फिर से पटरी पर आ गया है, तो सरकार ने यह प्रतिबंध हटाने का फैसला किया है.
एयरलाइन्स को दी गई सख्त चेतावनी
फेयर कैप हटने के बावजूद मंत्रालय ने एयरलाइन्स को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे टिकट की कीमतों में अनुचित बढ़ोतरी न करें. खासकर त्योहारों, ज्यादा मांग या आपात स्थिति के दौरान यात्रियों से अधिक पैसे वसूलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
किराये पर सरकार की रहेगी नजर
सरकार ने साफ किया है कि हवाई किरायों पर उसकी लगातार नजर बनी रहेगी. यदि भविष्य में टिकट के दाम असामान्य रूप से बढ़ते हैं, तो सरकार फिर से हस्तक्षेप कर सकती है और जरूरत पड़ने पर नई पाबंदियां भी लागू की जा सकती हैं. कुल मिलाकर, अब घरेलू उड़ानों के किराये बाजार की मांग के अनुसार तय होंगे, लेकिन यात्रियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार निगरानी जारी रखेगी.
Thenewspost - Jharkhand
4+


